पीएनबी की जिस ब्रांच में चौकसी ने किया घोटाला, वह कैफे का बन गया अड्डा
मुंबई- मुंबई में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की एक ब्रांच कभी घोटाले के लिए बदनाम थी। यह ब्रांच फोर्ट इलाके में ब्रैडी हाउस बिल्डिंग में थी। वहां अब एक कैफे खुल गया है। लोग यहां ऑर्गेनिक कॉफी पीते हैं और हल्का संगीत सुनते हैं। नीरव मोदी और मेहुल चोकसी ने पीएनबी की इसी ब्रांच के जरिए 13 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का घोटाला किया था।
आरोप है कि नीरव मोदी और मेहुल चोकसी ने पीएनबी के अधिकारियों को रिश्वत देकर बैंक से 13,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम लूटी। उन्होंने लेटर ऑफ अंडरटेकिंग (LoU) और विदेशी लेटर ऑफ क्रेडिट (FLC) का इस्तेमाल किया। हाल ही में चोकसी को बेल्जियम में गिरफ्तार किया गया है।
पीएनबी की इस ब्रांच को कुछ साल पहले ही पीएनबी हाउस में शिफ्ट कर दिया गया था। पीएनबी हाउस सर पीएम रोड, फोर्ट में है। यह घोटाला जनवरी 2018 में सामने आया था। तब पीएनबी ने भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) को एक रिपोर्ट दी और सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (CBI) में शिकायत दर्ज कराई थी।
चोकसी और मोदी, CBI में शिकायत होने से पहले ही देश छोड़कर भाग गए थे। सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने इस घोटाले की जांच की। मार्च 2019 में मोदी को लंदन में गिरफ्तार किया गया था। बैंक ने ब्रैडी हाउस ब्रांच को पीएनबी हाउस में शिफ्ट कर उस जगह को खाली कर दिया था। बाद में उसे किराये पर दे दिया गया और यहां कैफे खुल गया।