अवैध तरीके से चल रहे ओला इलेक्ट्रिक के महाराष्ट्र में 121 स्टोर्स बंद हुए
मुंबई- महाराष्ट्र में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बनाने वाली कंपनी ओला के 121 स्टोर्स बंद होंगे। महाराष्ट्र के ट्रांसपोर्ट विभाग ने लोकल RTO को इन्हें बंद करने के निर्देश दिए हैं। ट्रांसपोर्ट विभाग ने ओला के 146 स्टोर्स की जांच की थी, इनमें 121 से ज्यादा स्टोर्स बिना ट्रेड सर्टिफिकेट के चल रहे थे।
दरअसल, पिछले महीने RTO ने महाराष्ट्र में ओला के कई स्टोर्स पर छापेमारी की थी। स्टोर्स पर ट्रेड सर्टिफिकेट नहीं होने के चलते 192 व्हीकल्स को जब्त कर कारण बताओ नोटिस दिए गए थे। ओला के स्टोर्स पर देशभर में RTO कार्रवाई हुई थी। अब तक महाराष्ट्र के अलावा मध्यप्रदेश और राजस्थान के 32 स्टोर्स पर रेड पड़ चुकी है। इसमें 50 से ज्यादा इलेक्ट्रिक गाड़ियों को जब्त किया जा चुका है।
एक महीने में ओला का शेयर 4% से ज्यादा गिरा है। वहीं पिछले एक साल में शेयर 40% से ज्यादा टूटा है। ओला का मार्केट कैपिटल 22.14 हजार करोड़ रुपए है। मध्यप्रदेश के जबलपुर में 2 स्टोर पर RTO ने रेड मारी। इस दौरान ट्रांसपोर्ट अधिकारियों ने 14 इलेक्ट्रिक व्हीकल्स जब्त किए।
गुरुग्राम की प्रताप सिंह एंड एसोसिएट्स कंपनी ने ओला इलेक्ट्रिक और कुछ अन्य कंपनियों के खिलाफ ट्रेड सर्टिफिकेट नहीं होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद महाराष्ट्र के ट्रांसपोर्ट अधिकारियों ने कार्रवाई की। ओला इलेक्ट्रिक ने 2022 से अब तक 4,000 स्टोर खोले हैं।