अमेरिकी उपराष्ट्रपति इस होटल में रहेंगे, इतना है इसका एक दिन का किराया
मुंबई- अमेरिका के उपराष्ट्रपति जे डी वेंस चार दिन की भारत यात्रा पर पहुंच गए हैं। वेंस के साथ उनकी भारतीय मूल की पत्नी उषा चिलुकुरी और उनके तीन बच्चे इवान, विवेक, मीराबेल तथा वरिष्ठ अमेरिकी सरकारी अधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल भी आया है। वेंस और उनकी पत्नी का पालम एयरबेस पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने स्वागत किया।
वेंस और उनका परिवार भारत की अपनी चार दिवसीय यात्रा के दौरान दिल्ली के अलावा जयपुर और आगरा भी जाएगा। दिल्ली में वेंस आईटीसी मौर्या में ठहरे हैं जबकि जयपुर में उनका रामबाग पैलेस में ठहरने का कार्यक्रम है। अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति जो बाइडन साल 2023 में जी-20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत आए थे तो उन्हें आईटीसी मौर्य में ठहराया गया था। वह होटल के महलनुमा ग्रैंड प्रेजिडेंशल सुइट चाणक्य में ठहरे थे। यह सुइट साल 2007 में खुला था और अब तक कई जानी मानी हस्तियों की मेजबानी कर चुका है।
यह होटल भारत में अमेरिका के राष्ट्रपतियों का यह पसंदीदा ठिकाना है। इसमें जॉर्ज डब्ल्यू बुश, बिल क्लिंटन, बराक ओबामा और डोनाल्ड ट्रंप रह चुके हैं। दिल्ली के सरदार पटेल मार्ग पर स्थित इस होटल में 411 कमरे और 26 सुइट हैं। इसमें बुखारा और दम पुख्त नाम के मशहूर रेस्टोरेंट भी हैं।
प्रेसिडेंशियल सुइट होटल की 14वीं मंजिल पर मौजूद है। इसमें कई देशों के प्रमुख रह चुके हैं। चाणक्य सुइट अपनी डिजाइन और थीम के लिए जाना जाता है। इसमें एक से बढ़कर एक लग्जरी सुविधाएं मौजूद हैं। यह 4600 स्क्वायर फीट में फैला हुआ है। इसे खास भारतीय कलाओं से सजाया गया है। इसमें लिविंग रूम, स्टडी, प्राइवेट डाइनिंग रूम, मिनी स्पा और जिम की सुविधा मौजूद है। इस सुइट की सबसे खास बात इसका एंट्री गेट है। यह एक शाही गलियारे का आभास देता है। इस गलियारे के अंत में चाणक्य की एक शानदार मूर्ति रखी गई है। इस सुइट में मास्टर बेडरूम के साथ वॉक-इन अलमारी, निजी स्टीम रूम, गेस्ट रूम जैसी कई सुविधाएं मिलती हैं। इस सुइट को बेहद खास तरीके से सजाया गया है। सुइट में सोने-चांदी से बने फूलदान के साथ काफी सुंदर पेंटिंग लगी हुई हैं।
चंद्रगुप्त मौर्य को सत्ता दिलाने वाले महान राजनीतिज्ञ, कूटनीतिज्ञ और अर्थशास्त्री चाणक्य के नाम पर बना यह सुइट अपनी अद्भुत सजावट और डिजाइन के लिए पहचाना जाता है। चाण्क्य सुइट की दूसरी खासियतों में अजीज और तैयब मेहता जैसे प्रतिष्ठित कलाकारों की दुर्लभ कलाकृतियां भी शामिल हैं। अर्थशास्त्र के चित्र, थीम से जुड़े चांदी के गुलाब जल के स्प्रिंकलर, 600 थ्रेड काउंट लिनेन, नुलवाल्ड से स्टीम और सौना रूम भी इसमें शामिल रहते हैं।
तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा भी चाणक्य सुइट में रुक चुके हैं। तब उन्होंने कहा था कि वह यहां अच्छी नींद लेते हैं। उनका कहना था कि चाणक्य सुइट की ऊर्जा काफी सकारात्मक है।
चाणक्य सुइट में एक रात रुकने का किराया करीब 8 से 10 लाख रुपये के बीच है। बाइडन को 14वें फ्लोर पर ले जाने के लिए स्पेशल लिफ्ट का भी निर्माण किया गया है। इस लिफ्ट के जरिए वह सीधे अपने सुइट में जा सकेंगे।