चीनी कंपनियां दे रहीं हैं डिस्काउंट, टीवी, फ्रिज व स्मार्टफोन हो सकते हैं सस्ते
मुंबई- टीवी, फ्रिज और स्मार्टफोन जैसे इलेक्ट्रॉनिक सामान आने वाले समय में सस्ते हो सकते हैं। हालांकि, यह कंपनियों के फैसले पर निर्भर है। दरअसल, टैरिफ के कारण अमेरिका-चीन के बढ़ते व्यापार युद्ध के बीच कई चीनी इलेक्ट्रॉनिक कलपुर्जे बनाने वाली कंपनियां भारतीय कंपनियों को 5 फीसदी तक की छूट ऑफर कर रही हैं।
सूत्रों के मुताबिक, इस छूट के चलते भारतीय इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माता मांग को बढ़ाने के लिए कुछ लाभ ग्राहकों को देने की सोच सकते हैं। इससे टीवी, फ्रिज, स्मार्टफोन जैसे कई इलेक्ट्रॉनिक्स सामान सस्ते हो सकते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि व्यापार युद्ध से अमेरिका में चीन से आने वाला सामान महंगा हो जाएगा। इससे मांग घट सकती है। मांग को बढ़ाने के लिए चीनी निर्माता भारतीय कंपनियों को छूट दे रहे हैं।
चीन से भारत सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण आयात करता है। इसमें स्मार्टफोन, लैपटॉप, टेलीविजन और इलेक्ट्रॉनिक कलपुर्जे शामिल हैं। 2022 में 30.63 अरब डॉलर का इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण आयात हुआ था। चीन पर 125 फीसदी टैरिफ लगाने का मतलब है कि चीन में बना 100 डॉलर का सामान अब अमेरिका में जाकर 225 डॉलर का हो जाएगा। अमेरिका में चीनी सामानों के महंगे होने से उसकी बिक्री कम हो जाएगी।