एअर इंडिया ने विमानों का बदला हुलिया, जानिए अब कैसा दिखेगा नया विमान
मुंबई- टाटा ग्रुप का हिस्सा बन चुकी एयर इंडिया ने अपने पहले रेट्रोफिटेड नैरो बॉडी एयरक्राफ्ट VT-EXN की झलक दुनिया के सामने पेश की। एयरलाइन ने इसे अपने बदलाव की दिशा में एक बड़ा कदम बताया है। एयरलाइन अपने बड़े विमानों को भी बदलने की योजना बना रही है। 40 B-787 और B-777 विमानों को भी नया रूप दिया जाएगा।
टाटा ग्रुप ने 2022 में एयर इंडिया का अधिग्रहण किया था और इस प्रक्रिया में उसे 27 नैरो बॉडी विमान मिले थे। यह A320neo विमान उन्हीं में शामिल है। इस विमान को पूरी तरह से बदला गया है। इसमें नया केबिन और आधुनिक सुविधाएं हैं। विमानों की रेट्रोफिटिंग का काम पिछले साल शुरू हुआ था। यह एयर इंडिया के अपने विमानों को बेहतर बनाने के प्रयासों का हिस्सा है। टाटा ग्रुप एयर इंडिया के विमानों को $40 करोड़ से कायाकल्प कर रहा है।
विमान में नई सीटें, कालीन और पर्दे लगाए गए हैं। साथ ही केबिन को भी नया लुक दिया गया है। विमान में तीन श्रेणी की सीटें हैं। इनमें बिजनस, प्रीमियम इकॉनमी और इकॉनमी शामिल हैं। VT-EXN उन 27 A320neo विमानों में से पहला है जिसे बदला गया है। विमानों के रेट्रोफिटिंग कार्यक्रम में 3,500 से ज्यादा इकॉनमी क्लास की सीटें, 600 से ज्यादा प्रीमियम इकॉनमी की सीटें और 200 बिजनस क्लास की सीटें लगाई जाएंगी।
बदले हुए विमानों में पोर्टेबल इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस होल्डर, USB पोर्ट और बेहतर आरामदायक माहौल होगा। एयरलाइन ने कहा कि नए कालीन, पर्दे और केबिन पैनल एयर इंडिया की नई पहचान को दिखाते हैं। यह बदलाव सिर्फ नैरो बॉडी वाले विमानों तक ही सीमित नहीं है।