पेटीएम को 1,422 करोड़ रुपये का हुआ घाटा, कर सकती है लोगों की छंटनी
मुंबई- पेटीएम की पेरेंट कंपनी वन 97 कम्युनिकेशंस को वित्त वर्ष 2023-24 की चौथी तिमाही में सालाना आधार पर 550 करोड़ रुपए का लॉस हुआ है। पिछले वित्त वर्ष यानी 2022-23 की समान तिमाही में घाटा 167.5 करोड़ रुपए था। यानी, कंपनी का घाटा 228% बढ़ गया है।
कंपनी के रेवेन्यू यानी आय में भी गिरावट आई है। जनवरी-मार्च तिमाही में पेटीएम का ऑपरेशन से रेवेन्यू 2,267 करोड़ रुपए रहा। पिछले साल की समान तिमाही में रेवेन्यू 2,334 करोड़ रुपए था। यानी, चौथी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 3% गिर गया।
हालांकि, पूरे वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी का घाटा 2022-2023 की तुलना में कम हुआ है। 2023-24 में पेटीएम ने 1,422.4 करोड़ रुपए का घाटा दर्ज किया। 2022-2023 में ये 1,776.5 करोड़ रुपए था। यानी, घाटे में 19% की कमी आई है।
वहीं पूरे वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी का रेवेन्यू बढ़ा है। 2023-24 में पेटीएम ने ऑपरेशन से 9,977.8 करोड़ रुपए का रेवेन्यू दर्ज किया। 2022-2023 में ये 7,990.3 करोड़ रुपए था। यानी, रेवेन्यू में 24.9% की बढ़ोतरी हुई है। कंपनी कुछ लोगों की छंटनी की भी योजना बना रही है।