जीवन बीमा पॉलिसी सरेंडर करने पर मिलेगा ज्यादा मूल्य, इरडाई लेगा फैसला
मुंबई- आप जीवन बीमा पॉलिसी सरेंडर करते हैं तो इस पर आपको पहले की तुलना में ज्यादा मूल्य मिल सकता है। भारतीय बीमा विनियामक एवं विकास प्राधिकरण यानी इरडाई इस पर इसी महीने बैठक में फैसला कर सकता है। नियामक ने दिसंबर में इस पर चर्चा पत्र जारी किया था।
चर्चा पत्र के अनुसार, जीवन बीमा कंपनियों की ओर से पॉलिसी धारकों को दिए जाने वाले सरेंडर मूल्य को बढ़ाने और सरेंडर शुल्क को घटाने का प्रस्ताव दिया गया है। इसके जरिये इरडाई का इरादा पॉलिसी धारकों को ज्यादा लाभ देना था। शुल्क घटने से जीवन बीमा कंपनियों के मार्जिन पर पांच फीसदी तक का असर पड़ेगा। अगर इस प्रस्ताव को उसी रूप में लागू किया जाता है जिस रूप में इसे प्रस्तावित किया गया है, तो पॉलिसी धारकों को मिलने वाला मूल्य दोगुना हो सकता है।
इरडाई इस महीने की बैठक में प्रस्तावित सरेंडर मूल्य को तर्कसंगत बनाने पर विचार करने के लिए तैयार है। इस प्रस्तावित सरेंडर मूल्य के दो महत्वपूर्ण पहलुओं पर इसे तर्कसंगत बनाने की दिशा में विचार किया जा रहा है। जीवन बीमा निगम ने लंबे और कम समय के सरेंडर वैल्यू को अलग-अलग करने की सिफारिश की है।
इरडाई सरेंडर मूल्य की गणना उसी तरह कर सकता है, जिस तरह आज 5 साल से पहले सरेंडर की गई पॉलिसियों के लिए की जाती है। भले ही उस जीवन बीमा पॉलिसी की अवधि कुछ भी हो। ऐसे में ज्यादा सरेंडर मूल्य 5 साल से ज्यादा की पॉलिसीज को दी जानी चाहिए। बदलाव किया जाता है तो यह जीवन बीमा कंपनियों के लिए एक बड़ा कदम होगा, क्योंकि पांच साल के बाद सरेंडर बहुत सीमित होता है।