विदेशी मुद्रा भंडार में 6 माह की सबसे बड़ी गिरावट, 600 अरब डॉलर से नीचे
मुंबई। देश के विदेशी मुद्रा भंडार में 18 अगस्त को समाप्त हफ्ते में 7.27 अरब डॉलर की गिरावट आई है। यह 600 अरब डॉलर के नीचे 594.89 अरब डॉलर रह गया है। यह दो माह का निचला स्तर और 10 फरवरी के बाद छह महीने में सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट है।
आरबीआई के शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी मुद्रा संपत्ति 661 करोड़ डॉलर घटकर 527.78 अरब डॉलर रह गई है। सोने का भंडार 51 करोड़ डॉलर से गिरकर 43.82 अरब डॉलर रहा है। साथ ही अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष में भारत के आरक्षित भंडार 5.1 करोड़ डॉलर की कमी आई है।
देश का विदेशी मुद्रा भंडार अक्तूबर, 2021 में 645 अरब डॉलर के साथ सार्वकालिक उच्च स्तर पर था। विदेशी मुद्रा भंडार में कमी मुख्य रूप से रुपये की गिरावट को रोकने और अन्य मुद्राओं की कीमतों में उतार-चढ़ाव से आती है।