बिटकॉइन की कीमत में शुक्रवार को 8 फीसदी की गिरावट, 22 हजार डॉलर से नीचे
मुंबई- दुनिया की सबसे पुरानी, सबसे बड़ी और सबसे लोकप्रिय क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन की कीमत में शुक्रवार को अचानक भारी गिरावट देखने को मिली। यह आठ फीसदी से अधिक गिरावट के साथ तीन हफ्ते के न्यूनतम स्तर पर पहुंच गई। इसकी कीमत 22,000 डॉलर से नीचे आ गई।
हालांकि बिटकॉइन की कीमत में अचानक गिरावट क्यों आई, इसका कारण तत्काल पता नहीं चल पाया। जानकारों का कहना है कि अमेरिकी फेड रिजर्व आने वाले दिनों में ब्याज दरों में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी रख सकता है। महंगाई को काबू में करने के लिए ब्याज दरों में बढ़ोतरी जारी रहने का अनुमान है। इस हफ्ते की शुरुआत में बिटकॉइन की कीमत 25,200 डॉलर पहुंच गई थी लेकिन इसके बाद से इसमें गिरावट आई है।
बिटकॉइन का कुल मार्केट कैप गिरकर 415.62 अरब डॉलर रह गया है। पिछले साल नवंबर में इसकी कीमत 68,000 डॉलर पहुंच गई थी लेकिन उसके बाद इसमें भारी गिरावट आई है। बिटकॉइन शाम छह बजे 8.81 फीसदी गिरावट के साथ 1879013 रुपये पर ट्रेड कर रही थी। दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी ईथर की कीमत में भी गिरावट आई है। यह 8.46 फीसदी की गिरावट के साथ 145811 रुपये पर ट्रेड कर रही थी।