सेंसेक्स में 500 पॉइंट्स की तेजी, निवेशकों ने कमाए 2 लाख करोड़
मुंबई- शेयर बाजार में हफ्ते के तीसरे दिन भारी तेजी है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 500 पॉइंट्स बढ़कर 59,293 पर पहुंच गया है। निवेशकों की संपत्ति इस दौरान 2 लाख करोड़ बढ़ी है।
सेंसेक्स के 165 स्टॉक अपर सर्किट में और 180 लोअर सर्किट में हैं। इसका मतलब यह है कि एक दिन में इनकी कीमत में एक तय सीमा से ज्यादा उतार-चढ़ाव नहीं हो सकता है। इससे पहले मंगलवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 848 पॉइंट्स बढ़कर 58,862 पर जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 237 अंक की तेजी के साथ 17,576 पर बंद हुआ।
लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 269.21 लाख करोड़ रुपए है। कल यह 267.48 लाख करोड़ रुपए था। सेंसेक्स आज 431 पॉइंट्स ऊपर 59,293 पर खुला था। पहले घंटे में इसने 59,364 का ऊपरी और 59,248 का निचला स्तर बनाया। इसके 30 शेयर्स में से 3 गिरावट में और 27 बढ़त में कारोबार कर रहे हैं। बढ़ने वाले प्रमुख शेयर्स में ITC, पावरग्रिड, कोटक बैंक, एक्सिस बैंक, बजाज फाइनेंस, इंडसइंड बैंक और HDFC हैं।
इनके अलावा मारुति, SBI, NTPC, ICICI बैंक, टाइटन, एयरटेल, नेस्ले, इंफोसिस, रिलायंस इंडस्ट्रीज, डॉ. रेड्डी और TCS भी मामूली बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। गिरने वाले प्रमुख शेयर में टाटा स्टील, अल्ट्राटेक सीमेंट और सन फार्मा के साथ टेक महिंद्रा हैं।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 117 अंकों की तेजी के साथ 17,694 पर कारोबार कर रहा है। यह 17,706 पर खुला था और 17,723 का ऊपरी तथा 17,686 का निचला स्तर बनाया। इसके मिड कैप, फाइनेंशियल, बैंकिंग और नेक्स्ट 50 इंडेक्स तेजी में कारोबार कर रहे हैं।
निफ्टी के 50 स्टॉक में से 41 बढ़त में हैं और 9 गिरावट में हैं। बढ़ने वाले प्रमुख शेयर्स में आयशर मोटर्स, कोटक बैंक, पावरग्रिड, ITC और बजाज फाइनेंस हैं।

