वेदांत फैशन का IPO 4 फरवरी से खुलेगा, 824 से 866 रुपए भाव
मुंबई- वेदांत फैशन का IPO 4 फरवरी से खुलकर 8 फरवरी को बंद होगा। एंकर निवेशकों यानी कंपनियों के लिए इश्यू 3 फरवरी को खुलेगा। कंपनी ने शेयर का भाव 824 से 866 रुपए तय किया है। निवेशक कम से कम 17 शेयर्स के लिए इसमें बोली लगा सकते हैं।
कंपनी के पास 546 ब्रांड आउटलेट हैं। देश के 212 शहरों में ये फैले हुए हैं। यह कंपनी मान्यवर, मोहे, मेबाज और मंथन जैसे ब्रांड चलाती है। सितंबर 2021 तक इसके पास कुल 1.2 मिलियन वर्ग फुट रिटेल फुटप्रिंट था। 30 सितंबर 2021 की छमाही में इसका रेवेन्यू 387 करोड़ और फायदा 98 करोड़ रुपए था।
इसमें पूरी तरह से मौजूदा हिस्सेदार हिस्सा बेचेंगे। कंपनी 3,149 करोड़ रुपए के शेयर बेचेगी। इनमें केदारा कैपिटल आदि हैं। 31 मार्च 2021 के वित्तवर्ष में कंपनी का रेवेन्यू 625 करोड़ रुपए और 132 करोड़ रुपए का फायदा था। यह इश्यू पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल होगा यानी मौजूदा हिस्सेदारी अपना हिस्सा बेचेंगे।
सेबी के पास मसौदा जमा कराने वाली ओयो को लिस्टिंग के लिए स्टॉक एक्सचेंज से मंजूरी मिल गई है। कंपनी 8,430 करोड़ रुपए जुटाने के लिए बाजार में उतरेगी। इसमें मौजूदा हिस्सेदार 1,430 करोड़ रुपए के शेयर बेचेंगे जबकि नए शेयर से 7 हजार करोड़ रुपए जुटाया जाएगा।
दूसरी ओर, बोट भी IPO लाने की तैयारी कर रही है। कंपनी 2 हजार करोड़ रुपए जुटाने का लक्ष्य रखी है। इसमें वारबर्ग पिनैकस अपना हिस्सा बेचेगी जो करीबन 700-800 करोड़ रुपए का होगा। नई दिल्ली की इस कंपनी का वैल्यूएशन पिछले साल अप्रैल में 2,200 करोड़ रुपए था। इसमें वारबर्ग की हिस्सेदारी 36% जबकि समीर मेहता और अमन गुप्ता की 28-28% है।
उधर, अडाणी का इश्यू 31 जनवरी को बंद होगा। इसमें कम से कम 65 शेयर्स के लिए बोली लगा सकते हैं। रिटेल निवेशकों के लिए 35% हिस्सा रिजर्व है। इस साल की यह दूसरी कंपनी है, जो IPO लेकर आ रही है। हालांकि कंपनी ने इश्यू का साइज घटा दिया है। पहले 4,500 करोड़ रुपए जुटाने वाली थी। अब इसने इसे 3,600 करोड़ रुपए कर दिया है। इसे दूसरे दिन तक 1.13 गुना रिस्पांस मिला था। इसमें रिटेल का हिस्सा 1.85 गुना भरा।

