एसबीआई ने सोने के एवज में कर्ज पर घटाई ब्याज दर, अब 7.5 पर्सेंट पर देगा लोन
मुंबई- भारतीय स्टेट बैंक (SBI) गोल्ड लोन पर 0.75% का डिस्काउंट देगा। इस तरह से अब गोल्ड लोन 7.5% पर मिलेगा। पहले यह 8.25% पर मिल रहा था यह योजना 30 सितंबर तक जारी रहेगी।
बैंक ने कहा है कि ग्राहक इसके लिए इसके डिजिटल प्लेटफॉर्म योनो पर अप्लाई कर सकते हैं। इसके लिए आप घर से एप्लिकेशन कर सकते हैं। कम पेपर वर्क करना होगा। प्रोसेसिंग समय कम लगेगा। ब्रांच में कम इंतजार करना होगा। बैंक ने बताया कि गोल्ड लोन लेने वाले ग्राहक सोने को गिरवी रखकर कर्ज ले सकते हैं। इसके लिए काफी कम पेपर प्रोसेस की जरूरत होगी। बैंक के मुताबिक, वर्तमान माहौल में गोल्ड लोन काफी सुरक्षित और तेजी से मिलने वाला लोन है। यह आपातकाल में झटपट लोन दिलाता है।
आपको इसके लिए योनो अकाउंट पर लॉग इन करना होगा। यहां पर लोन से संबंधित सभी प्रक्रिया दी गई है जिसे आपको पूरा करना होगा। इस प्रक्रिया को पूरा करने के बाद आपको बैंक की शाखा में जाकर सोना गिरवी रखना होगा और फिर लोन मिलेगा।
आपको गहने के बारे में पूरी जानकारी देनी होगी। जैसे किस टाइप का गोल्ड है, कितना कैरेट है और वजन कितना है। इसके साथ ही अन्य डिटेल्स जैसे घर का पता और प्रोफेशन के बारे में जानकारी देनी होगी। महीने की कमाई के बारे में भी जानकारी देनी होगी। इसके बाद एप्लिकेशन सबमिट करना होगा।
उन लोगों को गोल्ड लोन मिलेगा जिनकी उम्र 18 साल से ज्यादा है। जिनकी रेगुलेर कमाई है। इसके अलावा पेंशनर्स को भी लोन मिल सकता है। उनके लिए किसी इनकम प्रूफ की जरूरत नहीं होगी। इसके लिए 2 फोटो और केवाईसी डॉक्यूमेंट भी आपको ले जाना होगा। फिर आपको डॉक्यूमेंट बैंक में साइन करने होंगे। इसके बाद आपको लोन मिलेगा।
कम से कम आपको 20 हजार रुपए का कर्ज मिल सकता है। अधिकतम 50 लाख रुपए तक का लोन आप इसके जरिए ले सकते हैँ। एसबीआई इस समय 7.5 पर्सेंट ब्याज की दर से गोल्ड लोन दे रहा है। बैंक ने इसके साथ ही तय समय से पहले लोन का पेमेंट करने का जो चार्ज है उसे भी माफ कर दिया है।
लोन की समय सीमा 36 महीने की होगी। हालांकि आप पहले भी प्रीपेमेंट कर सकते हैं पर इसके लिए आपको बुलेट रिपेमेंट गोल्ड लोन वाले प्रोडक्ट को चुनना होगा। इसके लिए आप योनो और बैंक की शाखा में अप्लाई कर सकते हैं।