गजब की मिसाल, 1,000 करोड़ रुपये के शेयर को वापस करेंगे दीपेंदर गोयल
मुंबई- इटरनल के सीईओ पद से इस्तीफा देने वाले दीपेंदर गोयल कॉरपोरेट गवर्नेंस की एक अमिट मिसाल पेश करने वाले हैं। वे अपने हिस्से के 3.3 करोड़ शेयरों को कंपनी को वापस करेंगे। इन शेयरों का मूल्य वर्तमान भाव के आधार पर 1,000 करोड़ रुपये है। इस फैसले से निकट भविष्य में शेयरधारकों के शेयरों में कमी की जरूरत समाप्त हो सकती है।
आईआईटी दिल्ली के पूर्व छात्र गोयल का 1,000 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की इस विशाल इक्विटी हिस्सेदारी को छोड़ने का निर्णय ऐसे समय में आया है जब वे उपाध्यक्ष पद पर आसीन हो रहे हैं। कंपनी के रोजाना संचालन का जिम्मा ब्लिंकिट के प्रमुख अलबिंदर ढिंडसा देखेंगे। बुधवार को 5 फीसदी तक बढ़ने के बाद बृहस्पतिवार को शेयर करीब तीन फीसदी गिरकर 276 रुपये के भाव पर बंद हुआ। कंपनी ने जुलाई, 2021 में 72 से 76 रुपये के भाव पर 9,375 करोड़ रुपये जुटाया था।
ओला : तीन महीने में 40 फीसदी टूटा, 9,000 करोड़ का नुकसान
ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के शेयर काफी दबाव में हैं। इसके शेयर महज तीन महीनों में लगभग 40 फीसदी गिर गए हैं। इस भारी गिरावट से कंपनी के बाजार मूल्य में 9,000 करोड़ रुपये की कमी आई है। पिछले 14 कारोबारी सत्रों में से सिर्फ तीन में ही शेयरों में बढ़त दर्ज की गई है। अब शेयर एक साल के सार्वकालिक निचले स्तर 30.79 रुपये के बेहद करीब पहुंच गए हैं। इस तेज गिरावट का कारण व्यापक मंदी का रुझान और वरिष्ठ प्रबंधन के इस्तीफे और अन्य कारण हैं।

