जितेंद्र-तुषार कपूर की कंपनी ने 559 करोड़ में बेची अंधेरी की प्रॉपर्टी, NTT ग्लोबल ने किया बड़ा निवेश

मुंबई- बॉलीवुड अभिनेता जितेंद्र कपूर और उनके बेटे तुषार कपूर की कंपनियों ने मुंबई के अंधेरी इलाके में बड़ा प्रॉपर्टी सौदा किया है। उन्‍होंने एक बड़ी कमर्शियल प्रॉपर्टी 559.25 करोड़ रुपये में NTT डेटा की सहायक कंपनी NTT ग्‍लोबल डेटा सेंटर्स एंड क्‍लाउड इन्‍फ्रास्‍ट्रक्‍चर इंडिया को बेच दी है। यह डील 9 जनवरी को फाइनल हुई। इस पर 5.61 करोड़ रुपये की स्टाम्प ड्यूटी लगी है। यह प्रॉपर्टी 325,017 वर्ग फीट में फैली हुई है। इसका नाम DC-10 बिल्डिंग है। यह बालाजी आईटी पार्क में स्थित है।

यह डील भारत के तेजी से बढ़ते डेटा सेंटर सेक्टर का एक अहम हिस्सा है। भारत में डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल बढ़ने, क्लाउड कंप्यूटिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा-आधारित टेक्नोलॉजी के बढ़ते चलन के कारण डेटा सेंटर की मांग बहुत तेजी से बढ़ रही है। बैंकिंग, ई-कॉमर्स, टेलीकॉम और सरकारी एजेंसियां जैसी इंडस्ट्रीज इस मांग को बढ़ा रही हैं। मुंबई, चेन्नई, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे शहर डेटा सेंटर के बड़े हब बन रहे हैं। इसकी वजह है अच्छी डिजिटल कनेक्टिविटी, बेहतर इन्‍फ्रास्ट्रक्चर और कुशल लोगों की उपलब्धता।

NTT ग्‍लोबल डेटा सेंटर्स एंड क्‍लाउड इन्‍फ्रास्‍ट्रक्‍चर इंडिया एक बड़ी जापानी कंपनी है जो डेटा सेंटर और क्लाउड इन्‍फ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी सेवाएं देती है। यह पब्लिक और प्राइवेट क्लाउड, होस्टिंग, डेटा मैनेजमेंट, ऐप डेवलपमेंट, थ्रेट मॉनिटरिंग, कंटेंट डिलीवरी नेटवर्क और टेस्टिंग जैसी सेवाएं देती है। यह कंपनी दुनिया भर के ग्राहकों को अपनी सेवाएं प्रदान करती है।

यह पहली बार नहीं है जब अभिनेताओं की कंपनियों ने NTT डेटा को प्रॉपर्टी बेची है। पिछले साल भी इन अभिनेताओं की कंपनियों ने मुंबई के पश्चिमी उपनगर अंधेरी में 2.4 एकड़ जमीन और एक आईटी पार्क NTT डेटा को 855 करोड़ रुपये में बेचा था। उस डील का रजिस्ट्रेशन मई में हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *