इलेक्ट्रिक वाहनों की रफ्तार तेज, 2025 में खुदरा बिक्री 16% उछलकर 22.70 लाख यूनिट के पार
मुंबई। इलेक्ट्रिक यात्री कारों में 77 फीसदी की भारी बिक्री के चलते 2025 में इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) की खुदरा बिक्री 16.37 फीसदी बढ़कर 22,70,107 यूनिट तक पहुंच गई। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (फाडा) ने बताया ईवी कंपनियों ने 2024 में 19,50,727 यूनिट की बिक्री दर्ज की थी।
इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री बढ़कर 2025 में 1,76,817 यूनिट तक पहुंच गई। एक वर्ष पहले 99,975 यूनिट थी। ई-कमर्शियल वाहनों की बिक्री 54.2 फीसदी बढ़कर 15,606 यूनिट तक पहुंच गई। एक वर्ष पहले 10,123 इकाई बिकी थी। दोपहिया वाहनों की बिक्री 11.36 की तेजी के साथ 12,79,951 यूनिट पर पहुंच गई। तिपहिया की खुदरा बिक्री 15.39 फीसदी बढ़कर 6,91,313 यूनिट पर पहुंच गई।
फाडा के चेयरमैन सीएस विग्नेश्वर ने कहा, 2025 का वर्ष स्पष्ट रूप से इस बात को पुष्ट करता है कि भारत की विद्युतीकरण यात्रा धीरे-धीरे विस्तार कर रही है। जमीनी स्तर पर मजबूत स्वीकृति के बल पर दोपहिया की लगभग 12.80 लाख इकाइयां बेची गईं। इसमें ईवी की हिस्सेदारी 6.3 फीसदी रही। इलेक्ट्रिक यात्री वाहनों की बिक्री में भी तेजी से वृद्धि हुई और यह 1,76,817 इकाई तक पहुंच गई। इसमें ईवी की हिस्सेदारी पिछले वर्ष के 2.4 फीसदी से बढ़कर लगभग 4 फीसदी हो गई।

