रिकॉर्ड : रबी सीजन में अब तक 634 लाख हेक्टेयर में बुवाई, धान, मक्का और गेहूं में रही तेजी
मुंबई- रबी सीजन में इस बार बंपर बुवाई हुई है। कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय के मुताबिक, 2 जनवरी तक 634.14 लाख हेक्टेयर में बुवाई हो चुकी है। 2024-25 में समान अवधि में 617. 74 लाख हेक्टेयर में बुवाई हुई थी। इस साल कुल बुवाई में 16.40 लाख हेक्टेयर की वृद्धि हुई है। गेहूं की बुवाई 6.3 फीसदी अधिक हुई है।
इस बार खरीफ सीजन में गेहूं की बुवाई 334.7 लाख हेक्टेयर में हो गई है। 2024- 25 में यह 328.4 लाख हेक्टेयर थी। धान की बुवाई 14.5 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 17.57 लाख हेक्टेयर हो गई है। देर तक हुई बारिश के बाद भी मिट्टी ने नमी लगातार बुवाई में तेजी दर्ज करा रही है। दलहन फसलों की बुवाई 134.30 लाख हेक्टेयर हुई है जो एक साल पहले 130. 87 लाख हेक्टेयर थी। चना 17.5 लाख हेक्टर में बोया जा चुका है। पिछले वर्ष की तुलना में यह मामूली ज्यादा है।
श्री अन्न यानी मोटे अनाज का रकबा 51.69 लाख हेक्टेयर रहा। पिछले साल इसी सीजन में यह 50.66 लाख हेक्टेयर था। इसमें ज्वार की बुवाई 22 लाख हेक्टेयर से घटकर 20.74 लाख हेक्टेयर रह गई है। मक्का ने रिकॉर्ड बनाया है। इसकी खेती 21. 87 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 23.32 लाख हेक्टेयर हो गई है। जौ की बुवाई मामूली गिरकर 6.78 लाख हेक्टेयर रही।
तिलहन की बुवाई 96 लाख हेक्टेयर
तिलहनों की बुवाई 96.30 लाख हेक्टेयर रही। पिछली बार यह रकबा 93.27 लाख हेक्टेयर था। सरसों का रकबा बढ़कर 89.36 लाख हेक्टेयर, मूंगफली का रकबा घटकर 3.3 लाख हेक्टेयर रह गया है। सूरजमुखी और तिल की बुवाई में भी थोड़ी नरमी देखने को मिल रही है। बंपर बुवाई ने सरकार को पहले से ही अन्न भंडार के नियोजन के लिए कार्य योजना तैयार करने के लिए प्रेरित कर दिया है।

