दरों में कटौती की उम्मीदों से अब सेंसेक्स और निफ्टी रिकॉर्ड ऊंचाई के करीब पहुंचने के कगार पर
मुंबई- अमेरिका और भारत में ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदों के चलते घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को जबरदस्त तेजी रही। साथ ही तीन दिनों से जारी गिरावट रुक गई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 1,022.50 अंक बढ़कर 85,609.51 पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज यानी एनएसई का निफ्टी भी 320.50 अंक उछलकर 26,205.30 पर बंद हुआ। दोनों सूचकांकों में 1.24 फीसदी तक वृद्धि रही। इससे सूचीबद्ध कंपनियों की पूंजी 5.51 लाख करोड़ बढ़कर 474.92 लाख करोड़ रुपये पहुंच गई।
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 28 तेजी में और दो गिरावट में रहे। गिरने वालों में एशियन पेंट्स और एयरटेल रहे। बढ़ने वाले प्रमुख शेयरों में बजाज फिनसर्व, बजाज फाइनेंस, टाटा स्टील, रिलायंस इंडस्ट्रीज और सनफार्मा रहे। बीएसई के कुल 4,325 शेयरों में कारोबार हुआ। इनमें से 2,800 तेजी में और 1,371 गिरावट में बंद हुए।
निफ्टी के 50 शेयरों में से 44 में तेजी रही और 6 में गिरावट दर्ज की गई। विशेषज्ञों ने कहा, रूस और यूक्रेन के बीच संभावित युद्धविराम को लेकर बढ़ती आशावादिता ने भी निवेशकों की धारणा को मजबूत किया है। मेटल, ऊर्जा और आईटी शेयरों में बढ़त सबसे ज्यादा रही। मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांक भी एक फीसदी से ज्यादा चढ़े। वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड की कीमत मामूली वृद्धि के साथ 62.50 डॉलर प्रति बैरल हो गई।
वैश्विक बाजारों में भी तेजी
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्केई-225 सूचकांक और हांगकांग का हैंग सेंग सकारात्मक दायरे में बंद हुए। कोस्पी 2.67 प्रतिशत, निक्केई-225 सूचकांक 1.85 प्रतिशत और हैंग सेंग 0.13 प्रतिशत चढ़ा। हालांकि, शंघाई का एसएसई कंपोजिट सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुआ। यूरोप के बाजार तेजी में रहे।
निफ्टी-50 अब 14 महीने के उच्च स्तर पर
पांच महीने में दोनों सूचकांकों का बेहतरीन प्रदर्शन
निफ्टी : 26,216 पर बंद हुआ था 26 सितंबर, 2024 को, अब 26,205 पर
सेंसेक्स : 85,836 पर बंद हुआ था 26 सितंबर, 2024 को, अब 85,609 पर
सूचीबद्ध कंपनियों की पूंजी हालांकि, अब भी दो लाख करोड़ रुपये कम
सेंसेक्स में इस साल की सबसे बड़ी तेजी
12 मई 2,975 अंक
15 अप्रैल 1,578 अंक
8 अप्रैल 1,090 अंक
12 मार्च 1,078 अंक

