रांची जा रही इंडिगो की फ्लाइट से टकराया गिद्ध, इमर्जेंसी लैंडिंग करनी पड़ी
मुंबई- रांची के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो की फ्लाइट की पक्षी टकराने की वजह से इमरजैंसी लैंडिंग करानी पड़ी। घटना दो जून की दोपहर 1.14 बजे की है। फ्लाइट नंबर 6E6152 (एयरबस 320) जब रांची एयरपोर्ट से करीब 10 से 12 नॉटिकल मील की दूरी पर थी, तभी उससे एक गिद्ध टकरा गया। फ्लाइट में 175 यात्री सवार थे, जो सभी सुरक्षित हैं।
हादसा के समय विमान लगभग 3 से 4 हजार फीट की ऊंचाई पर था। विमान से गिद्ध के टकरने पर पायलेट को 40 मिनट तक विमान को हवा में रखना पड़ा। इसके बाद रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर लैंडिंग कराई गई। टक्कर से विमान के अगले हिस्से में डेंट आया है।
एक रिपोर्ट के मुताबिक 1.8 किलो का एक पक्षी जब किसी तेज रफ्तार विमान से टकराता है तो 3,50,000 न्यूटन फोर्स पैदा होता है। इसे ऐसे समझें कि 0.365 मीटर की नली वाली बंदूक से जब 700m/s की रफ्तार से एक 40 ग्राम का बुलेट फायर होता है तो इससे 2,684 न्यूटन फोर्स पैदा होता है।
इसका मतलब 1.8 किलो का एक पक्षी जब विमान से टकराता है तो इसका फोर्स एक बुलेट की तुलना में करीब 130 गुना ज्यादा होता है। 5 किलो के एक पक्षी का 275 किमी/घंटा के रफ्तार से किसी विमान से टकराना वैसा ही है जैसे 100 किलो भार के किसी बैग के 15 मीटर ऊपर से जमीन पर गिरना।