स्मार्टफोन का निर्यात अमेरिका को पांच गुना और जापान को चार गुना बढ़ा

मुंबई- भारत का स्मार्टफोन निर्यात पिछले तीन वर्षों में अमेरिका को लगभग पांच गुना और जापान को चार गुना बढ़ा है। इससे यह क्षेत्र पेट्रोलियम उत्पादों और हीरों को पीछे छोड़कर देश के शीर्ष निर्यातित वस्तुओं में शामिल हो गया है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, स्मार्टफोन निर्यात 2024-25 में 55 प्रतिशत बढ़कर 24.14 अरब डॉलर हो गया। 2023-24 में 15.57 अरब डॉलर और 2022-23 में 10.96 अरब डॉलर था।

आंकड़ों के मुताबिक, अमेरिका को निर्यात 2022-23 में 2.16 अरब डॉलर से बढ़कर 2023-24 में 5.57 अरब डॉलर और 2024-25 में 10.6 अरब डॉलर हो गया। जापान को निर्यात 2022-23 में 12 करोड़ डॉलर से बढ़कर 52 करोड़ डॉलर हो गया। अधिकारी ने कहा, पिछले तीन वर्षों में इस क्षेत्र से निर्यात में अच्छी वृद्धि हुई है, जिससे देश एक प्रमुख वैश्विक विनिर्माण और निर्यात केंद्र बन गया है।

पिछले वित्त वर्ष में जिन शीर्ष पांच देशों में भारत ने स्मार्टफोन निर्यात में सबसे अधिक वृद्धि दर्ज की, उनमें अमेरिका, नीदरलैंड, इटली, जापान और चेक गणराज्य थे। पिछले वित्त वर्ष में नीदरलैंड को निर्यात 1.07 अरब डॉलर से बढ़कर 2.2 अरब डॉलर व इटली को 72 करोड़ डॉलर से बढ़कर 1.26 अरब डॉलर हो गया। चेक गणराज्य को निर्यात 65 करोड़ डॉलर से बढ़कर 1.17 अरब डॉलर हो गया। यह वृद्धि उत्पादन-लिंक्ड प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना जैसी सरकारी पहलों से हुई जिसने निवेश को बढ़ावा दिया है, स्थानीय उत्पादन को बढ़ाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *