जापान को पीछे छोड़ कर एशिया में भारत बना सबसे पसंदीदा शेयर बाजार

मुंबई- जापान को पीछे छोड़कर भारत एशिया में सबसे पसंदीदा शेयर बाजार बनकर उभरा है। बैंक ऑफ अमेरिका यानी बोफा के सर्वे के अनुसार, फरवरी, 2025 में भारत दूसरा सबसे कम पसंद किया जाने वाला शेयर बाजार था।

42 फीसदी फंड प्रबंधकों ने भारत को एशिया में निवेश के लिए सबसे बेहतर माना है। 39 फीसदी के साथ जापान दूसरे, 6 फीसदी के साथ चीन तीसरे और तीन फीसदी के साथ सिंगापुर चौथे स्थान पर रहा। भारत को वैश्विक आपूर्ति चेन का सबसे बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद जताई गई है। रिपोर्ट कहती हैं कि टैरिफ के असर के बाद भारत को सप्लाई चेन परिवर्तन का फायदा मिलने वाला है।

वैश्विक स्तर पर कारोबार के तनाव के बीच सप्लाई चेन में बदलाव आया है। इन्फ्रास्ट्रक्चर और खपत थीम में मजबूत भरोसा है। सतत आर्थिक वृद्धि के नजरिये और राजनीतिक स्थिरता का असर दिखा है। जापान का निक्केई-225 इस साल अब तक 4.4 फीसदी गिर चुका है, जबकि भारत का निफ्टी-50 इंडेक्स चार फीसदी की बढ़त में है। पिछले महीने तक चीन सबसे कम पसंद किया गया बाजार था, लेकिन अब वह तीसरे स्थान पर आ गया है। यानी चीन के प्रति भी निवेशकों का नजरिया बेहतर हो रहा है।

सर्वे में 208 पैनलिस्ट्स शामिल थे। इनके पास कुल 522 अरब डॉलर की संपत्ति है। सर्वे 2 मई से 8 मई 2025 के बीच किया गया। भारत फिर से विदेशी निवेशकों की पसंदीदा बनकर उभरा है। लगातार बदलते वैश्विक आर्थिक आउटलुक में भारत को अब एक स्थिर, भरोसेमंद और विकास-केंद्रित बाजार के रूप में देखा जा रहा है। अगर यह रुझान जारी रहता है, तो आने वाले महीनों में भारत में विदेशी निवेश और इक्विटी रिटर्न में और मजबूती देखने को मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *