मार्केट कैप के लिहाज से इंडिगो दुनिया की सबसे बड़ी विमानन कंपनी बनी
मुंबई- भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो मार्केट कैपिटलाइजेशन के हिसाब से दुनिया की सबसे वैल्यूएबल एयरलाइन बन गई। इंडिगो ने अमेरिका बेस्ड डेल्टा एयरलाइन्स को कुछ समय के लिए पीछे छोड़कर ये मुकाम हासिल किया। हालांकि, इंडिगो करीब 1 घंटे बाद ही दुनिया की दूसरी सबसे वैल्यूएबल एयरलाइन की पोजिशन पर वापस आ गई।
दरअसल, इंडिगो के शेयर ने कल 5,265 रुपए का डे-हाई और 52 वीक हाई बनाया। जिसके चलते कंपनी का मार्केट कैप 2.01 लाख करोड़ रुपए यानी 23.24 बिलियन डॉलर हो गया। वहीं डेल्टा का मार्केट कैप 23.18 बिलियन डॉलर है। हालांकि, मार्केट बंद होने पर शेयर 37.85 रुपए (0.73%) की तेजी के साथ 5,194.90 रुपए के स्तर बंद हुआ और मार्केट कैप 23.16 बिलियन डॉलर पर आ गया। ये डेल्टा के मार्केट कैप से थोड़ा ही कम है।
इंडिगो ने अगस्त 2006 में ही कॉमर्शियल ऑपरेशंस शुरू किया था। वहीं डेल्टा 1929 से उड़ान भर रही है। छह साल पहले डेल्टा का मार्केट कैप 36.67 बिलियन डॉलर था, जबकि इंडिगो का 7.72 बिलियन डॉलर था। मार्केट शेयर के लिहाज से इंडिगो देश की सबसे बड़ी एयरलाइन है। इंडिगो हर हफ्ते 15,768 फ्लाइट्स ऑपरेट करती है, जो पिछले साल अप्रैल की तुलना में 12.7% ज्यादा है।