शेयर बाजार में हाहाकार, सेंसेक्स 4,000 अंक गिरा, निवेशकों के डूबे २० लाख करोड़ रुपये

मुंबई- अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ की घोषणा के बाद से शेयर बाजारों में भारी गिरावट आई है। भारतीय शेयर मार्केट भी इससे अछूता नहीं है। हफ्ते के पहले दिन बाजार खुलते ही सेंसेक्स करीब 4,000 अंक गिर गया जबकि निफ्टी में भी 900 अंक से अधिक गिरावट आई है। इस गिरावट से निवेशकों को 19.4 लाख करोड़ रुपये की चपत लगी है। भारत के साथ-साथ एशिया के दूसरे बाजारों में भी गिरावट आई है।

कुल 4,084 शेयरों में से 346 में तेजी आई है जबकि 3,587 शेयर गिरावट के साथ ट्रेड कर रहे हैं। 45 शेयर 52 हफ्ते के हाई पर हैं जबकि 752 शेयर 52 हफ्ते के लो पर हैं। इसी तरह 131 शेयर अपर सर्किट में हैं जबकि 561 शेयर लोअर सर्किट में हैं। टाटा मोटर्स, हिंडाल्को, भारत फोर्ज, टाटा टेक्नोलॉजीज, एनएमडीसी और लार्सन टुब्रो के शेयर 52 हफ्ते के लो पर हैं।

दोपहर बाद 12.30 बजे बीएसई सेंसेक्स 3254.56 अंक यानी 4.32% गिरावट के साथ 72,110.13 अंक पर ट्रेड कर रहा था। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी50 इंडेक्स भी 1069.85 अंक यानी 4.67 फीसदी गिरावट के साथ 21,834.60 अंक पर आ गया।

सेंसेक्स के आधे शेयर में 5 फीसदी से अधिक गिरावट आई है। रिलायंस, टाटा मोटर्स और टीसीएस के शेयर 52 हफ्ते के न्यूनतम स्तर पर पहुंच गए। टाटा स्टील में 11.5%, टाटा मोटर्स में 10.3%, इन्फोसिस में 9.9%, इंडसइंड बैंक में 9.4%, अडानी पोर्ट्स 9.3%, महिंद्रा एंड महिंद्रा में 9.1%, लार्सन एंड टुब्रो में 8.9%, टेक महिंद्रा में 8.4%, एचसीएल टेक 8.3%, कोटक महिंद्रा में 8.1%, सन फार्मा 8.1%, रिलायंस में 7.4%, टीसीएस में 7.2%, बजाज फाइनेंस में 7.1% और एक्सिस बैंक में 5.1% गिरावट आई।

दोपहर 12 बजे बीएसई सेंसेक्स 2908.30 अंक यानी 3.86% गिरावट के साथ 72,456.39 अंक पर ट्रेड कर रहा था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी40 इंडेक्स 937.70 अंक यानी 4.09 फीसदी गिरावट के साथ 21,966.75 अंक पर आ गया।

देश की सबसे वैल्यूएबल कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के शेयरों में भी सोमवार को भारी गिरावट आई। बीएसई पर कंपनी का शेयर 7.4% तक की गिरावट के साथ 52 हफ्ते के सबसे निचले स्तर 1,115.55 रुपये पर आ गया। इसके साथ ही कंपनी का शेयर अब छह कारोबारी सत्रों में 12.7% गिर चुका है। इस गिरावट से कंपनी के मार्केट कैप में 2.26 लाख करोड़ रुपये की कमी आई है। कंपनी का मार्केट कैप अब 15.49 लाख करोड़ रुपये रह गया है।

मेटल स्टॉक्स में भारी गिरावट आई है। अमेरिकी टैरिफ के डर से इस शेयरों में 19 फीसदी तक गिरावट देखने को मिली। एनएमडीसी के शेयरों में 18.2% और टाटा स्टील के शेयरों में 11.56% गिरावट आई। जिंदल स्टेनलेस, नालको, हिंदुस्तान जिंक और वेंदाता के शेयर भी करीब 10 फीसदी गिर गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *