भारत में अरबपतियों की संख्या बढ़कर 284, कुल संपत्ति 98 लाख करोड़ रुपये
मुंबई- भारत में अरबपतियों की संख्या बढ़कर 284 हो गई है, जिनकी कुल संपत्ति 98 लाख करोड़ रुपये है। देश के सबसे धनी व्यक्तियों की कुल संपत्ति में पिछले एक साल में 10 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और अकेले देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में 90 अरबपति हैं। भारत वैश्विक मंच पर मजबूत स्थिति में बना हुआ है, अरबपतियों की संख्या के मामले में देश तीसरे स्थान पर है, जो केवल अमेरिका और चीन से पीछे है।
अमेरिका 870 अरबपतियों के साथ इस लिस्ट में टॉप पर है। 175 भारतीय अरबपतियों की संपत्ति में वृद्धि हुई है, जबकि 109 की संपत्ति में या तो गिरावट आई है या कोई बदलाव नहीं हुआ है। एक भारतीय अरबपति की औसत संपत्ति अब 34,514 करोड़ रुपये है। इसके अलावा, भारत में 40 वर्ष से कम आयु के सात अरबपति हैं, जिनमें से अधिकांश बेंगलुरु और मुंबई के हैं।
अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस 266 बिलियन डॉलर की कुल संपत्ति के साथ दूसरे स्थान पर हैं जबकि टेस्ला के मालिक 400 अरब डॉलर के साथ पहले स्थान पर हैं। इस बीच, मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग ने मेटा के एआई और टेक्नोलॉजी में अपग्रेड में मजबूत निवेशक विश्वास के कारण पहली बार टॉप तीन में जगह बनाई। इस साल की हुरुन लिस्ट में मनोरंजन, खेल और सोशल मीडिया से भी नाम शामिल रहे। इनमें सिंगर जे-जेड, रिहाना, टेलर स्विफ्ट और पॉल मेकार्टनी शामिल रहे।