भारतीय महिलाओँ की चाहत, हमारे नाम भी हो घर, जमकर खरीद रहीं मकान
मुंबई- देश में महिला मकान खरीदारों की संख्या लगातार बढ़ रही है। महिलाओं द्वारा मकान खरीदने की संख्या में बढ़ोतरी पुरुषों द्वारा मकान खरीदने की संख्या में बढ़ोतरी से अधिक है।
2024 में पुणे, ठाणे, मुंबई, नवी मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद जैसे प्रमुख शहरों में महिलाओं ने 1.29 लाख मकान खरीदे, जो 2023 में खरीदे गए 1.14 लाख मकान से 14 फीसदी ज्यादा थे। पुरुषों ने पिछले साल 2.18 लाख मकान खरीदे, जो 2023 में उनके द्वारा खरीदे गए 1.96 लाख मकान से 11 फीसदी अधिक थे। इन आंकड़ों से जाहिर है 2024 में महिलाओं द्वारा खरीदे गए मकानों में वृद्धि पुरुषों की तुलना में अधिक रही।
कुल मकानों की खरीद में महिलाओं की हिस्सेदारी 20 फीसदी से बढ़कर 22 फीसदी हो गई। पुरुष खरीदारों की हिस्सेदारी भी 35 फीसदी से बढ़कर 38 फीसदी हो गई। लेकिन इस दौरान महिला और पुरुषों द्वारा संयुक्त रूप से खरीदे गए मकानों की संख्या में 7 फीसदी गिरावट और इनकी कुल बिक्री में हिस्सेदारी 45 फीसदी से घटकर 40 फीसदी रह गई। 2024 में मकानों की कुल बिक्री 5.77 लाख रही।
महिलाओं द्वारा मकान खरीदने की संख्या में अधिक वृद्धि सरकारी प्रोत्साहन, वित्तीय लाभ और डिजिटल प्रगति के संयोजन से प्रेरित है। कई राज्य सरकारें महिला खरीदारों के लिए 1 से 3 फीसदी की स्टाम्प ड्यूटी रियायतें और 0.5-1 फीसदी की कम पंजीकरण शुल्क की सुविधा दे रही हैं। इसके अतिरिक्त, प्रमुख ऋणदाता महिलाओं के लिए होम लोन की ब्याज दरों में 0.05 फीसदी की छूट प्रदान करते हैं।