यह 118 कंपनियां एक अरब डॉलर के क्लब से बाहर, अब इतना है मार्केट कैप
मुंबई- पिछले पांच महीनों में शेयर बाजार की भारी गिरावट से भारत की कई बड़ी कंपनियों की वैल्यू (मार्केट कैप) घट गई है। 118 लिस्टेड कंपनियां अब एक अरब डॉलर (लगभग 8,300 करोड़ रुपये) के मार्केट कैप क्लब से बाहर हो गई हैं।
जब शेयर बाजार तेजी में था, तब 618 कंपनियां 1 अरब डॉलर के क्लब में थीं, लेकिन अब यह संख्या घटकर 500 रह गई है। इस दौरान भारत के शेयर बाजार से करीब 87 लाख करोड़ रुपये की वैल्यू खत्म हो गई। इतना ही नहीं, 83,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की वैल्यू वाली कंपनियों की संख्या भी 127 से घटकर 91 रह गई है।
रेमंड, टीटीके प्रेस्टीज, एडेलवाइस फाइनेंशियल सर्विसेज, किर्लोस्कर ऑयल इंजन और इंजीनियर्स इंडिया जैसी कई जानी-मानी कंपनियां $1 अरब मार्केट कैप क्लब से बाहर हो गई हैं। रेमंड का शेयर ₹1,270 के स्तर पर सपोर्ट ले सकता है, जो नवंबर 2021 से अहम बना हुआ है। अगर यह इस स्तर को बनाए रखता है, तो रिकवरी की संभावना बनी रहेगी। लेकिन अगर यह ₹1,270 से नीचे गिरता है, तो ₹1,070 तक जा सकता है।
टीटीके प्रेस्टीज का शेयर अभी दबाव में है और अगर यह ₹625 के नीचे बना रहता है, तो ₹550 तक गिर सकता है। अगर इसमें उछाल आता है, तो इसे ₹675 के स्तर पर कड़ी चुनौती मिलेगी।
एडेलवाइस का शेयर काफी सस्ता हो चुका है और यह ₹86.15 के सपोर्ट पर टिका हुआ है। अगर यह स्तर बना रहता है, तो इसमें ₹120 तक की रिकवरी हो सकती है।
इंजीनियर्स इंडिया का शेयर ₹170 से नीचे बना रहता है, तो इसमें गिरावट जारी रह सकती है। यह ₹127 तक गिर सकता है, लेकिन ₹147 और ₹132 के आसपास इसे सपोर्ट मिल सकता है।