पीएफ पर नहीं बढ़ेगा ब्याज, सरकार बोली, 8.25 फीसदी ही मिलेगा इंट्रेस्ट
मुंबई- कर्मचारियों के भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने 2024-25 के लिए भविष्य निधि जमा पर ब्याज दर में कोई बदलाव नहीं किया है। इसे 8.25% पर ही रखने का फैसला किया गया है। इससे 7 करोड़ से ज्यादा सब्सक्राइबर्स को नुकसान होगा।
प्राइवेट सेक्टर में काम करने वाले लोगों की बेसिक सैलरी पर 12% की कटौती ईपीएफ खाते के लिए की जाती है। साथ ही कंपनी भी इतना ही पैसा कर्मचारी के पीएफ खाते में जमा करती है। ईपीएफओ के करीब सात करोड़ सब्सक्राइबर्स हैं। स्टॉक मार्केट और बॉन्ड यील्ड से ईपीएफओ की कमाई में गिरावट आई है।
पीएफ पर ब्याज पिछली बार बढ़ाकर 8.25% किया गया था। उससे पहले 2022-23 में पीएफ सब्सक्राइबर्स को 8.15% ब्याज दिया गया था। इस बार इसे 8.25 फीसदी पर बरकरार रखने का फैसला किया गया है। अगर आपके पीएफ अकाउंट में 1 लाख रुपये जमा होंगे तो आपको 8,250 रुपये ब्याज मिलेगा।
1952-53 में ईपीएफओ की ब्याज दर 3% थी। धीरे-धीरे बढ़ते हुए 1989-90 में यह 12% तक पहुंच गई। यह अब तक की सबसे ज्यादा ब्याज दर थी। साल 2000-01 तक यही ब्याज दर रही। उसके बाद 2001-02 में यह घटकर 9.5% हो गई। साल 2005-06 में यह और गिरकर 8.5% पर आ गई। फिर 2010-11 में ब्याज दर को बढ़ाकर 9.50% किया गया। लेकिन 2011-12 में इसे फिर से घटाकर 8.25% कर दिया गया। 2021-22 में यह सबसे कम 8.10% तक पहुंच गई थी।
आपके पीएफ अकाउंट से जो नंबर लिंक है, उस नंबर से 011-22901406 पर मिस्ड-कॉल करनी होगी। मिस्ड-कॉल करने के तुरंत बाद आपको आपके रजिस्टर नंबर पर एक मैसेज प्राप्त होगा, जिसमें PF बैलेंस की जानकारी मिलेगी। आप एसएमएस के जरिए पीएफ खाते का बैलेंस चेक कर सकते हैं।