फ्यूचर ब्रांड इंडेक्स में एपल को पीछे छोड़ रिलायंस दुनिया में दूसरे स्थान पर
मुंबई- रिलायंस इंडस्ट्रीज ने फ्यूचरब्रांड इंडेक्स-2024 में इतिहास रच डाला है। इसने इस इंडेक्स में दुनिया की दिग्गज कंपनी एपल को पीछे छोड़ दूसरा स्थान काबिज किया है। सैमसंग को पहला स्थान मिला है। यह पहली बार है जब कोई भारतीय कंपनी इस प्रतिष्ठित ग्लोबल रैंकिंग में शीर्ष-3 में शामिल हुई है। बोइंग और फॉक्सवैगन जैसे प्रमुख ब्रांड रैंकिंग से पूरी तरह बाहर हो गए हैं।
रिलायंस इंडस्ट्री ने इस रैंकिंग में एक साल में 11 पायदान की लंबी छलांग लगाई है। 2023 में 13वें स्थान पर थी। इस रैंकिंग में रिलायंस अब एपल के साथ नाइकी, वॉल्ट डिजनी, नेटफ्लिक्स, माइक्रोसॉफ्ट, इंटेल आदि ग्लोबल ब्रांड से आगे है। इस सूची से अमेरिकी वर्चस्व खत्म होता दिखाई दे रहा है। 2014 में शीर्ष-10 ब्रांडों में से सात अमेरिका से थे। लेकिन 2024 में शीर्ष-10 में केवल चार अमेरिकी ब्रांड हैं, जबकि पांच ब्रांड एशिया-प्रशांत और मध्य पूर्व से हैं। फ्यूचरब्रांड शीर्ष 100 कंपनियों की रैंकिंग करता है।