चीन के एआई का असर, एनवीडिया का मार्केट कैप 51 लाख करोड़ घटा

मुंबई- चीन के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल डीपसीक की एंट्री से अमेरिकी टेक कंपनी एनवीडिया की वैल्यू करीब 51.31 लाख करोड़ रुपए गिर गई। शेयरों में आई 17% की गिरावट के बाद एनवीडिया की वैल्यू 251 लाख करोड़ रुपए रह गई है। पहले ये 302 लाख करोड़ रुपए थी।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने चीनी स्टार्टअप डीपसीक को लेकर चेतावनी देते हुए कहा, ये अमेरिका की टेक्नोलॉजी इंडस्ट्री के लिए अलर्ट होने का समय है। यह लड़ाई जीतने के लिए इस तरफ पूरा फोकस करना होगा। यह झटका सिलिकॉन वैली के लिए पॉजिटिव भी हो सकता है क्योंकि इससे उसे कम कीमत में इनोवेशन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। एनवीडिया का शेयर 142.62 डॉलर से गिरकर 118.58 डॉलर पर आ गया।

एनवीडिया के शेयर में गिरावट का असर अमेरिकन शेयर इंडेक्स नैस्‍डैक पर भी दिखा। सोमवार को इसमें 3.07% की गिरावट रही और नैस्डेक 612.47 अंक टूटकर 19,341.83 पर आ गया। S&P 500 के टेक सेक्टर में 5.6% की गिरावट दर्ज की गई। सितंबर 2020 के बाद यह इंडेक्स में सबसे बड़ी गिरावट है।

एनवीडिया के शेयर गिरने से कंपनी के CEO जेनसेन हुआंग को 1.79 लाख करोड़ रुपए का नुकसान हुआ। हुआंग की संपत्ति 10.76 लाख करोड़ रुपए से घटकर 8.97 लाख करोड़ रुपए रह गई।

डीपसीक पूरी तरह फ्री और ओपन सोर्स AI मॉडल है। इसके अलावा चीन का मॉडल बेहद कम लागत में तैयार हुआ है, जबकि अमेरिका की एनवीडिया, माइक्रोसॉफ्ट और मेटा जैसी कंपनियों ने बहुत बड़ा निवेश करके AI मॉडल तैयार किए हैं। डीपसीक कंपनी ने AI मॉडल सिर्फ 48.45 करोड़ रुपए में डेवलप किया था।

चीन के डीपसीक एप को कंपनी की वेबसाइट से और एपल के एप स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। AI कोडिंग और मैथ्‍स जैसे जटिल टास्क में बेहद सटीक नतीजे दे रहा है। अमेरिका और UK में एपल ऐप स्टोर से डाउनलोडिंग के मामले में यह पहली पोजिशन पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *