मुंबई से अहमदाबाद के बीच बुलेट ट्रेन की तैयारी, चार साल में हो सकती है चालू
मुंबई- मुंबई और अहमदाबाद के बीच बनाए जा रहे इस हाई स्पीड कॉरिडोर के 2026-27 तक पूरा होने की उम्मीद है। इसके लिए जापान अपनी अत्याधुनिक बुलेट ट्रेन देने पर सहमत हो गया है जिसकी रफ्तार 400 किमी प्रति घंटे तक जा सकती है। माना जा रहा है कि 2029-30 में इसे जापान और भारत में एक साथ लॉन्च किया जा सकता है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की अगुवाई में भारतीय अधिकारियों का एक दल सितंबर और दिसंबर में जापान गया था। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। पहले भारत को Shinkansen E5 मिलने की उम्मीद थी जिसकी रफ्तार 320 किमी प्रति घंटे है। Shinkansen E10 का अभी जापान में ट्रायल चल रहा है।
Shinkansen E10 ज्यादा सुरक्षित और तेज है। ताइवान और अमेरिका की भी इस पर नजर है। माना जा रहा है कि भारत में 2026-27 तक बुलेट ट्रेन का ट्रैक बिछाने का काम पूरा हो जाएगा और शुरुआत में इसके भारत में बनी ट्रेन को दौड़ाया जाएगा। इसके लिए रेलवे की इंटिग्रल कोच फैक्ट्री ने बीईएमएल को 867 करोड़ रुपये में दो सेमी-हाई स्पीड ट्रेन बनाने का ठेका दे दिया है। माना जा रहा है कि ये ट्रेन 2026 में डिलीवर होंगी। उनकी रफ्तार 280 किमी प्रति घंटे होगी लेकिन उन्हें 249 किमी की रफ्तार से दौड़ाया जा सकता है।