अमीरी के मामले में मुकेश अंबानी से बहुत पीछे हैं अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप

मुंबई-डोनाल्‍ड ट्रंप ने सोमवार को दूसरी बार अमेरिका के राष्‍ट्रपति पद की शपथ ले ली। वह अमेर‍िका के 47वें राष्‍ट्रपति बने हैं। ट्रंप की ज्‍यादातर दौलत रियल एस्‍टेट कारोबार से आती है। फोर्ब्‍स रियल टाइम (20 जनवरी तक) नेटवर्थ के अनुसार, ट्रंप 6.7 अरब डॉलर की संपत्ति मालिक हैं। इसकी तुलना अगर भारत के सबसे अमीर कारोबारी मुकेश अंबानी से की जाए तो यह कहीं नहीं ठहरती है। रिलायंस इंडस्‍ट्रीज (आरआईएल) के चेयरमैन 98.1 अरब डॉलर के मालिक हैं।

ट्रंप टावर और 1290 एवेन्यू ऑफ द अमेरिकाज में उनकी हिस्सेदारी शामिल है। वह ट्रंप मीडिया एंड टेक्नोलॉजी ग्रुप के भी मालिक हैं। ट्रंप ने डिजिटल एसेट्स से भी कमाई की है। 2023 में NFT लाइसेंसिंग से उन्हें 72 लाख डॉलर मिले। वह अपने नाम को लाइसेंस देकर भी पैसा कमाते हैं। उदाहरण के लिए उन्होंने एक बाइबिल का समर्थन करके 300,000 डॉलर कमाए। ट्रंप अपने खिलाफ 50 करोड़ डॉलर से अधिक के कानूनी फैसलों को पलटने की कोशिश कर रहे हैं।

ट्रम्प मीडिया एंड टेक्नोलॉजी ग्रुप में ट्रम्प की लगभग 57% हिस्सेदारी है। 29 अक्टूबर, 2024 को DJT के शेयर 51.51 डॉलर के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गए थे। इससे ट्रंप की हिस्सेदारी का मूल्य लगभग 5.9 अरब डॉलर हो गया था। हालांकि, इसके बाद अचानक बिकवाली हुई। इससे 2 नवंबर तक लगभग 2.4 अरब डॉलर की भारी गिरावट आई।

मीडिया होल्डिंग्स के अलावा, ट्रंप की संपत्ति अलग-अलग तरह की संपत्तियों से आती है। उनके रियल एस्टेट पोर्टफोलियो में फ्लोरिडा में मार-ए-लागो, मैनहट्टन में ट्रंप टावर, 1290 एवेन्यू ऑफ द अमेरिकाज में 50 करोड़ डॉलर की हिस्सेदारी और 30 करोड़ डॉलर मूल्य का ट्रंप नेशनल डोरल मियामी गोल्फ रिसॉर्ट जैसी प्रमुख संपत्तियां शामिल हैं।

वर्चुअल एसेट्स में लगभग 50 लाख डॉलर हैं। उनके लाइसेंसिंग समझौतों में 59.99 डॉलर की एक बाइबिल का समर्थन करना शामिल है, जिससे 300,000 डॉलर की कमाई हुई। ट्रंप की किताब लेटर्स टू ट्रंप 45 लाख डॉलर में बिकी। जबकि द अपरेंटिस और द आर्ट ऑफ द डील से रॉयल्टी से और भी आय होती है।

अमेरिकी राष्ट्रपति का वेतन 4,00,000 डॉलर सालाना है जो 2001 से तय किया गया है। सिंगापुर के प्रधानमंत्री सालाना लगभग 16 लाख डॉलर कमाते हैं और हांगकांग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी का वार्षिक वेतन लगभग 695,000 डॉलर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *