इस साल गौतम अदाणी की कंपनियों के मार्केट कैप में 87,000 करोड़ रुपये की कमी

मुंबई- यह साल गौतम अडानी के लिए नुकसान वाला रहा है। इस साल ऐसे कई मौके आए जब अडानी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों में गिरावट आई। वहीं ग्रुप की सभी कंपनियों में से आधी भी फायदे में नहीं रहीं। इस साल अडानी ग्रुप की 10 कंपनियों का मार्केट कैप बुरी तरह गिर गया।

पिछले साल अडानी ग्रुप की 10 कंपनियों का मार्केट कैप 14,19,580 करोड़ रुपये था। इस साल (12 दिसंबर तक) अडानी ग्रुप की सभी कंपनियों का मार्केट कैप 6.2% गिरकर 13,31,775 करोड़ रुपये रह गया है। यानी इस साल मार्केट कैप में 87,805 करोड़ रुपये की गिरावट आई है। सबसे ज्यादा गिरावट अडानी ग्रीन एनर्जी में आई। अडानी ग्रुप के पोर्टफोलियो में 11 लिस्टेड कंपनियां हैं।

अडानी ग्रुप की 10 कंपनियों में से मात्र 3 का ही इस साल मार्केट कैप बढ़ा है। जिन कंपनियों का मार्केट कैप बढ़ा है, उनमें एसीसी, अडानी पोर्ट्स और अंबुजा सीमेंट शामिल हैं। इसके अलावा बाकी सभी कंपनियों का मार्केट कैप गिरा है।

इस साल अडानी ग्रीन एनर्जी कंपनी का मार्केट कैप एक साल में सबसे ज्यादा गिरा है। इसमें 71115 करोड़ रुपये की गिरावट आई। वहीं इसके शेयर में करीब 28% की गिरावट आई है। गिरावट का सबसे बड़ा कारण अमेरिकी कोर्ट में लगे रिश्वत के आरोप रहे। अडानी पर रिश्वत के आरोपों के बाद इस कंपनी के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट आई थी, क्योंकि मामला इसी कंपनी से जुड़ा था।

अडानी ग्रुप की कंपनियों के मार्केट कैप में कमी कई कारणों से आई। इनमें बाजार में गिरावट, इनकम से जुड़े मामले और अमेरिकी अदालत के अभियोग से जुड़ा हालिया विवाद शामिल है। साल 2024 में अडानी के शेयरों में औसतन गिरावट 11% है, जबकि निफ्टी में 13% की तेजी आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *