नवंबर में यात्री वाहनों की रिकॉर्ड थोक बिक्री, चार फीसदी बढ़कर 3.47 लाख

मुंबई- त्योहारी सीजन के बाद भी मांग मजबूत रहने से नवंबर में यात्री वाहनों की थोक बिक्री चार प्रतिशत बढ़कर 3,47,522 यूनिट पर पहुंच गई। पिछले साल नवंबर में वाहन कंपनियों ने डीलरों को 3,33,833 यात्री वाहनों की आपूर्ति की थी। यह अब तक किसी भी नवंबर में रिकॉर्ड बिक्री रही है।

सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) के मुताबिक, हालांकि पिछले महीने दोपहिया वाहनों की थोक बिक्री नवंबर, 2023 के मुकाबले 16,23,399 यूनिट्स की तुलना में एक प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 16,04,749 इकाई रही। कुल तिपहिया वाहनों की थोक बिक्री एक प्रतिशत घटकर 59,350 इकाई रह गई।

मारुति सुजुकी ने नवंबर में डीलरों को 1,41,312 यूनिट्स वाहन भेजी। नवंबर,2023 में 1,34,158 यूनिट्स की तुलना में यह 5 फीसदी अधिक है। ह्यूंडई मोटर इंडिया की बिक्री 49,451 यूनिट से घटकर 48,246 इकाई रह गई। महिंद्रा एंड महिंद्रा की बिक्री बढ़कर 46,222 यूनिट रही। स्कूटर की बिक्री सालाना आधार पर 12 प्रतिशत बढ़कर 5,68,580 इकाई रही। बाइक की बिक्री 7.5 प्रतिशत गिरकर 9,90,246 इकाई पर आ गई।

सियाम के महानिदेशक राजेश मेनन ने कहा, दोपहिया और तिपहिया की बिक्री में मामूली गिरावट देखी गई। हालांकि, त्योहारी अवधि के दौरान अक्तूबर की मांग की रफ्तार नवंबर में भी जारी रही। दोपहिया में 16.05 लाख इकाइयों की बिक्री दर्ज की गई, जो पहली बार गैर दिवाली नवंबर में 16 लाख इकाइयों का आंकड़ा पार कर गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *