फालतू खर्चों के बजाय पैसे को बचाना सीखें, इससे आर्थिक रूप से होंगे निर्भर

मुंबई- आज के समय में हर व्यक्ति पूरी सुख सुविधाओं के साथ जीना चाहता है। खासकर, त्योहारी सीजन में तो बहुत फालतू खर्चे भी होते हैं।

बिना अच्छी आर्थिक योजना के पैसे बचाना आम आदमी के लिए संभव नहीं है। योजनाओं को पूरा करने और भविष्य को सुखद बनाने के लिए पैसे बचाना बहुत ही जरूरी है। बचत करने के लिए खर्चो को नियंत्रित करना पड़ता है। आपको पता होना चाहिए कि पैसे खर्च कहाँ हो रहे हैं। इससे जरूरी चीजों और फालतू खर्चों का पता चलेगा। इससे पैसों का सही ढंग से उपयोग होगा। आमदनी और खर्चों को मैनेज करने के लिए ऑनलाइन बचत खाता अच्छा साधन है। बचत खाता में आने जाने वाले पैसों पर नजर रखी जा सकती है। इस पर ब्याज भी मिलता है।

अगले महीने से त्योहारी सीजन हो रहा है। कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स और वाहन कंपनियां बड़े-बड़े ऑफर के नाम पर आकर्षित करती हैं। कुछ उत्पाद सस्ते मिल जाएं, लेकिन याद रखें कि बिना मार्जिन कंपनी कोई भी उत्पाद नहीं बेचती है। ऐसे में त्योहार में क्रेडिट कार्ड के अनाप-शनाप खर्चों से बचें। क्रेडिट कार्ड के भी पैसे देने होते हैं। लेटलतीफी पर भारी-भरकम ब्याज भी। ऐसे में यह प्रतिज्ञा करें कि जरूरी सामान ही त्योहारी सीजन में भी खरीदेंगे। जरूरतों को पूरा करने के लिए हम खर्च करते हैं। जाने-अनजाने में ऐसे खर्चे भी हो जाते हैं, जो जरूरी नहीं होते।

नियमित घरेलू खर्चों को सीमित कर लें तो खर्चों को कम कर सकते हैं। खर्चों की सूची तैयार करें। निरीक्षण करें कि क्या जरूरी है। हर महीने बजट बनाएं। फिर खर्चों को कम करने की कोशिश करें। नियमित खर्चों को परिवार के सदस्यों के साथ बांटने की कोशिश करें। यह पैसे बचाने का एक उत्तम उपाय है। आज कल किस्त पर खरीदी करने का चलन है। यह गलत नहीं है, लेकिन केवल स्कीमों के लालच में आकर सस्ता विकल्प होते हुए भी महंगी वस्तुएं लेना अच्छा निर्णय नहीं है। ब्याज दरें खर्चे को बढ़ा सकती हैं। किस्त शुरू करने से पहले यह समझ लें कि यह खरीदारी जरूरी है या नहीं।

ऐसे विकल्प देखें जो बचत को बढ़ाएं भी। वित्तीय योजना बनाने का सबसे अच्छा तरीका एसेट अलोकेशन है। आपकी जोखिम उठाने की क्षमता, रिटर्न, समय सीमा और निवेश लक्ष्य जैसे पहलू इसमें शामिल हैं। आपके पास 10-15 वर्ष और काम हैं, तो ज्यादा रिटर्न और ज्यादा जोखिम वाली संपत्तियों में निवेश करें। इक्विटी के साथ सोने और बांड को चुनें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *