यह आईलैंड है सबसे महंगा, तीन दिन में देना होता है करोड़ों रुपये का किराया

मुंबई- चारों ओर पानी से घिरे रहने और यहां ग्रीनरी होने के कारण इन आईलैंड की खूबसूरती देखते ही बनती है। हालांकि, एक दिन का किराया लाखों रुपये हो सकता है। फिलीपींस का एक प्राइवेट आईलैंड भी ऐसा ही है जो यहां रुकने वाले लोगों को एक दिन का लाखों रुपये किराया लेता है। यही नहीं, यहां रुकने की शर्त भी होती है।

शर्त यह है कि इस आईलैंड पर कम से कम 3 दिन के लिए रुकना होता है। ऐसे में तीन दिन का किराया करोड़ों रुपये हो जाता है। फिलीपींस में बने इस प्राइवेट आईलैंड का नाम बनवा (Banwa) है। 15 एकड़ में फैला यह आईलैंड फिलीपींस के पलावन द्वीपसमूह का हिस्सा है। यह आईलैंड अपने आप में एक रिजॉर्ट है। यह दुनिया का सबसे महंगा रिजॉर्ट है।

इस आईलैंड पर 6 विला हैं। एक विला में चार बेडरूम, एक प्राइवेट इन्फिनिटी पूल, जकूजी आदि चीजें मौजूद हैं। प्रत्येक बेडरूम में दो लोगों के रहने की सुविधा मौजूद है। इस प्रकार एक विला में 8 लोग रह सकते हैं। ऐसे में इस आईलैंड पर एक साथ 48 लोग रह सकते हैं। यह रिजॉर्ट चारों ओर पानी से घिरा है। इसलिए यहां सीप्लेन और हेलीकॉप्टर के जरिए ही पहुंचा जा सकता है।

एक बेड रूम में दो मेहमानों का किराया 2650 डॉलर (2.23 लाख रुपये) प्रति दिन है। यह शुरुआती कीमत है। कम से कम एक विला बुक कराना होता है। इसके लिए सामान्य सीजन में एक दिन का किराया करीब 9 लाख रुपये होगा। यहां कम से कम तीन दिन की बुकिंग करानी होती है। ऐसे में एक विला के लिए तीन दिन का किराया करीब 27 लाख रुपये चुकाना होगा। पीक टाइम में एक दिन का किराया 84 लाख रुपये तक हो जाता है। तीन दिन के लिए 2.50 करोड़ रुपये खर्च करने होंगे।

यहां कई तरह की आउटडोर एक्टिविटी मौजूद हैं। इनमें स्कूबा डाइविंग, स्नोर्कलिंग, स्वीमिंग आदि मौजूद हैं। इसके अलावा यहां स्टारगेजिंग, टेनिस और गोल्फ का भी लुत्फ उठा सकते हैं। आप यहां एक विला या पूरे आईलैंड को किराए पर ले सकते हैं। पूरे आईलैंड को बुक कराने पर प्रति विला के हिसाब से किराया देना होता है। हर विला में इन्फिनिटी पूल मौजूद है। इस आइलैंड तक मनीला से प्राइवेट जेट और हेलीकॉप्टर के जरिए डेढ़ घंटे में और हांगकांग से 3 घंटे में पहुंचा जा सकता है। मनीला से सीधे हेलीकॉप्टर और सीप्लेन की सुविधा भी मौजूद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *