अंबानी के बेटे अनंत अंबानी ने लालबाग के राजा को दिया 20 किलोग्राम सोना

मुंबई- आज से गणेशोत्सव शुरू हो गया है। मुंबई के लालबागचा राजा की पहली झलक भक्तों के सामने आई है। इसमें भगवान गणेश की मूर्ति ने 20 किलो सोने का मुकुट पहन रखा है। इस मुकुट को मुकेश अंबानी के छोटे बेटे अनंत अंबानी और रिलायंस फाउंडेशन ने भेंट किया है। इसकी कीमत 15 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

लाल बाग के राजा का यह मुकुट यहां आने वाले भक्तों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। हर साल की तरह इस साल भी लालबागचा राजा सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल लालबागचा राजा का गणेशोत्सव मना रहा है। लालबाग के राजा में भगवान गणेश की मूर्ति को आकर्षक परिधान और आभूषणों से सजाया गया है। इस वर्ष के प्रदर्शन का मुख्य आकर्षण भव्य सोने का मुकुट है। इसे तैयार करने में दो महीने का समय लगा है।

बता दें कि लालबागचा राजा, जिन्हें ‘लालबाग का राजा’ कहा जाता है, मुंबई में सबसे अधिक देखे जाने वाले गणेश मंडलों में से एक है। हर साल सभी क्षेत्रों के भक्त भगवान गणेश की मूर्ति की एक झलक पाने के लिए बेताब रहते हैं। अनंत अंबानी का लालबागचा राजा से जुड़ाव 15 सालों से है। यह इस महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेते रहे हैं।

अंबानी अक्सर गणेशोत्सव समारोह और गिरगांव चौपाटी बीच पर भव्य विसर्जन समारोह में शामिल होते रहे हैं। कोरोना के समय जब लालबागचा राजा समिति को खराब वित्तीय स्थिति का सामना करना पड़ा तो अनंत अंबानी ने काफी सहायता की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *