इस कंपनी के शेयर की गिरावट से एक दिन में मार्केट कैप 23 लाख करोड़ घटा
मुंबई- एआई चिप बनाने वाली अमेरिकी कंपनी एनवीडिया के लिए यह साल कई मायनों में ऐतिहासिक रहा है। इस दौरान कंपनी ने एक दिन में सबसे ज्यादा मार्केट कैप हासिल करने का रेकॉर्ड बनाया और कुछ समय के लिए यह दुनिया की सबसे वैल्यूएबल कंपनी भी बन गई।
इस तेजी से कंपनी के करीब 25,000 कर्मचारी मिलिनेयर बने। पिछले पांच साल में कंपनी के शेयरों में 2,600 फीसदी तेजी आई है। लेकिन इसी साल कंपनी के नाम कुछ अनचाहे रेकॉर्ड भी चस्पा हो गए। यह एक दिन में सबसे ज्यादा मार्केट कैप गंवाने वाली कंपनी भी बन गई। एक महीने से भी कम समय में इसका मार्केट कैप एक ट्रिलियन डॉलर गिर गया है।
मंगलवार को एनवीडिया के शेयरों में नौ फीसदी से ज्यादा गिरावट आई और इसका मार्केट कैप 279 अरब डॉलर गिर गया। यह दुनिया की किसी भी कंपनी के मार्केट कैप में एक दिन में आई सबसे बड़ी गिरावट है। इससे पहले यह रेकॉर्ड फेसबुक की पेरेंट कंपनी मेटा के नाम था जिसने 3 फरवरी, 2020 को 252 अरब डॉलर गंवाए थे। भारत की सबसे वैल्यूएबल कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज का कुल मार्केट कैप 244 अरब डॉलर है। एनवीडिया का मार्केट कैप एक महीने से भी कम समय में करीब एक ट्रिलियन डॉलर गिर चुका है।
अमेरिका के जस्टिस डिपार्टमेंट ने एनवीडिया को एक समन भेजा है। सरकार ने कंपनी के खिलाफ एंटी-ट्रस्ट जांच का दायरा बढ़ा दिया है। अधिकारियों का कहना है कि कंपनी ऐसे खरीदारों को तंग कर रही है जो उसके चिप का इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं। इस कारण कंपनी के शेयरों में भारी गिरावट देखने को मिली। कंपनी के शेयरों में गिरावट से फाउंडर और सीईओ जेंसन हुआंग की नेटवर्थ में भी 10 अरब डॉलर की गिरावट आई।