1996 के बाद पहली बार लगातार 12 दिन तेजी में निफ्टी, गजब का बना रिकॉर्ड
मुंबई- दलाल स्ट्रीट की रिकॉर्डतोड़ रैली ने नेशनल स्टॉक एक्सचेंज यानी एनएसई के निफ्टी को एक नए इतिहास में तब्दील कर दिया है। 1996 में निफ्टी इंडेक्स लॉन्च होने के बाद यह पहली बार है जब लगातार 12 दिन तेजी में रहा है। 14 अगस्त से लेकर अब तक निफ्टी हर दिन बढ़त में रहा है। इससे पहले निफ्टी की लगातार तेजी अक्तूबर, 2007 में थी जो 11 दिन तक थी।जनवरी, 2015 और अप्रैल, 2014 में यह 10-10 दिन लगातार तेजी में रहा था।
भारतीय शेयर बाजार सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन भी शानदार तेजी के साथ बंद हुए। इंट्रा डे ट्रेड में लगातार तीसरे दिन निफ्टी ने रिकॉर्ड हाई दर्ज किया तो सेंसेक्स भी पीछे नहीं रहा। 30 शेयरों वाला BSE सेंसेक्स लगातार दूसरे दिन रिकॉर्ड हाई लेवल पर पहुंचा। 50 शेयरों वाला NSE बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी-50 25,268.35 का रिकॉर्ड हाई और सेंसेक्स 82,637.03 के हाई लेवल पर पहुंचा।
शेयर बाजार की क्लोजिंग की बात की जाए तो लगातार 12वें दिन निफ्टी-50 बढ़त दर्ज करते हुए 25,235.90 के लेवल पर बंद हुआ। निफ्टी में 0.33% या 83.95 अंकों की तेजी आई। जबकि, S&P BSE सेंसेक्स 0.28% या 231.16 अंकों की बढ़त के साथ लगातार नौंवे दिन हरे निशान में बंद हुआ।