ओला का आईपीओ खुला, दिग्गज निवेशक को हो गया अरबों रुपये का घाटा

मुंबई- इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बनाने वाली भारत की प्रमुख कंपनी ओला इलेक्ट्रिक का आईपीओ निवेश के लिए खुल गया है। इस कंपनी में जापान की कंपनी सॉफ्टबैंक ग्रुप ने काफी निवेश किया है। सॉफ्टबैंक के फाउंडर मासायोशी सोन (Masayoshi Son) दुनिया के शीर्ष 150 अमीरों में शुमार हैं।

ब्लूमबर्ग के बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक वह 15.4 बिलियन डॉलर की संपत्ति के मालिक हैं। इतनी संपत्ति के साथ यह दुनिया में सबसे अमीरों की सूची में 131वें स्थान पर हैं। पिछले दो दिनों में मासायोशी की संपत्ति में जबरदस्त गिरावट आई है। इस गिरावट का मुख्य कारण बैंक ऑफ जापान का एक फैसला है। बैंक ऑफ जापान के इस फैसले से जापान के शेयरों में भारी गिरावट आई, जिससे मासायोशी की संपत्ति भी कम हो गई।

दरअसल, बैंक ऑफ जापान ने ब्याज दरें बढ़ा दी हैं। इसका असर जापान के शेयर बाजार पर पड़ा है, जिससे सॉफ्टबैंक ग्रुप कॉर्प के शेयरों में गिरावट आई है। इस गिरावट के कारण मासायोशी की संपत्ति में करीब 22 हजार करोड़ रुपये की कमी आई है। जापान के शेयर बाजार में शुक्रवार सुबह 6.7 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई थी। दो दिनों में, इस कंपनी में लगभग 13% की गिरावट आई है। जापानी शेयरों में 2020 के बाद से यह सबसे अधिक गिरावट है।

जापान की सॉफ्टबैंक कंपनी ने भारत की कई कंपनियों में रकम निवेश की हुई है। ओला में सॉफ्टबैंक की बड़ी हिस्सेदारी है। साल 2019 में सॉफ्टबैंक ने ओला में करीब 1725 करोड़ रुपये निवेश किए थे। सेबी में फाइल डॉक्यूमेंट्स के अनुसार सॉफ्टबैंक ने ओला इलेक्ट्रिक में अब तक करीब 4161 करोड़ रुपये निवेश किए हैं। ओला के अलावा सॉफ्टबैंक ने FirstCry में 2824 करोड़ रुपये और यूनिकॉमर्स में करीब 100 करोड़ रुपये निवेश किए हैं।

शुक्रवार को पहले दिन ओला का आईपीओ 35 फीसदी सब्सक्राइब हुआ। इसमें 6 अगस्त तक निवेश कर सकेंगे। कंपनी ने 1 अगस्त को एंकर निवेशकों से 2763 करोड़ रुपये जुटाए थे। आईपीओ का प्राइस बैंड 72-76 रुपये प्रति शेयर है। एक लॉट में 195 शेयर हैं। इसके लिए निवेशकों को 14,820 रुपये निवेश करने होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *