देश की जीडीपी दुनिया में सबसे तेज, 8.2 पर्सेंट की दर से बढ़ी अर्थव्यवस्था
मुंबई- वित्त वर्ष 2024 की चौथी तिमाही यानी, जनवरी-मार्च 2024 में जीडीपी ग्रोथ 7.8% रही है। वहीं पिछले साल की समान तिमाही यानी 2022- 2023 की चौथी तिमाही में GDP ग्रोथ 6.1% रही थी।
सरकार ने पूरे साल यानी, वित्त वर्ष 2024 के लिए भी जीडीपी का प्रोविजनल एस्टिमेट जारी किया है। वित्त वर्ष 2023-24 में जीडीपी ग्रोथ 8.2% रही है। पिछले वित्त वर्ष यानी, वित्त वर्ष 2022-23 में GDP ग्रोथ 7% रही थी। यह GDP ग्रोथ रिजर्व बैंक के 7% के अनुमान से 1.2% ज्यादा है।
GDP ग्रोथ के आंकड़ों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने X पर पोस्ट शेयर कर कहा, ‘2023-24 के लिए चौथी तिमाही के GDP ग्रोथ के आंकड़े हमारी अर्थव्यवस्था में मजबूत गति को दर्शाते हैं, जो आगे और भी तेज होने वाली है।
हमारे देश के मेहनती लोगों की बदौलत वर्ष 2023-24 के लिए 8.2% की ग्रोथ इस बात का उदाहरण है कि भारत ग्लोबल लेवल पर सबसे तेजी से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था बना हुआ है। जैसा कि मैंने कहा, यह आने वाली चीजों का सिर्फ एक ट्रेलर है।’
वित्त वर्ष 2024 की चौथी तिमाही में ग्रॉस वैल्यू एडेड यानी, GVA 6.3% रहा है। वहीं पूरे साल में GVA 7.2% की दर से बढ़ा है। एक साल पहले यानी, FY23 में GVA ग्रोथ 6.7% रही थी। इंफ्रास्ट्रक्चर पर ज्यादा खर्च और मजबूत शहरी मांग ऐसे दो प्रमुख फैक्टर है, जिससे भारत की इकोनॉमी मजबूत बनी हुई है।