सोना फिर महंगा होकर 73,750 रुपये पर, चांदी पहली बार 86,000 के पार
मुंबई- शेयर और मुद्रा बाजारों में गिरावट के विपरीत सोना की चमक बरकरार है। मंगलवार को दिल्ली सराफा बाजार में सोना 700 रुपये तेजी के साथ अब तक के सार्वकालिक स्तर 73,750 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया।
इसी तरह चांदी भी 800 रुपये की तेजी के साथ रिकॉर्ड 86,500 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। विदेशी बाजारों में सोना 2,370 डॉलर और चांदी 28.40 प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी। इससे पहले 12 अप्रैल को चांदी ने 83,819 रुपए का हाई बनाया था। एक्सपर्ट्स के अनुसार आने वाले दिनों में इनके दामों में और तेजी देखने को मिल सकती है।
इजराइल-ईरान तनाव 1 अप्रैल को शुरू हुआ था। तब सोने की कीमत 68,663 पर थी। वहीं अब यानी 16 अप्रैल को इसकी कीमत 73,302 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई है। यानी सिर्फ 16 दिनों में ही ये 4,639 रुपए महंगा हो चुका है। इजराइल-ईरान तनाव के चलते सोने में आगे भी तेजी देखने को मिल सकती है।
जंग के दौरान सोने की कीमतों में हमेशा उछाल देखा गया है। 1990-91 के दौरान गल्फ वॉर के दौरान सोने की कीमतों में उछाल आया था, लेकिन यह शॉर्ट टर्म था। इसी तरह 2003 में इराक युद्ध के दौरान सोने की कीमतों में तेजी आई थी।
कोरोना महामारी के कारण भारत समेत अन्य देशों में मार्च 2020 में लॉकडाउन लगा था। तब 10 ग्राम सोने के दाम 41,000 रुपए के करीब थे। अगस्त तक दाम बढ़कर 55,000 के करीब तक पहुंच गए। हालांकि, बाद में इसमें गिरावट आई थी और दाम 50,000 से नीचे आ गए थे।
रूस-यूक्रेन जंग के समय भी सोने में तेजी आई। 24 फरवरी 2022 को रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू हुआ था। 7 मार्च 2022 को सोने की कीमतों में लगभग ₹1000/10 ग्राम की बढ़ोतरी हुई। 22 कैरेट सोने की कीमत ₹49,400/10 ग्राम और 24 कैरेट सोने की कीमत ₹53,890/10 ग्राम हो गई थी।