6 महीने में सोने में एक लाख रुपये का निवेश बन गया 1.25 लाख रुपये
मुंबई- सोने में फिलहाल रिकॉर्ड तोड़ तेजी देखी जा रही है। 24 कैरेट सोने के दाम 69,882 रुपए और जेवराती (22 कैरेट) सोने की कीमत 64,012 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच चुकी है। विशेषज्ञ अनुमान जता रहे हैं कि अभी इसकी कीमतें और बढ़ेंगी। अमेरिका में ब्याज दर में कटौती पर अनिश्चितता के बीच डॉलर में कमजोरी से सोना ऊंचाई छू रहा है।
बीते 6 माह में सोना पहले ही लगभग 25% रिटर्न दे चुका है। ये बीते 6 महीनों में ही 57 हजार से 70 हजार पर पहुंच गया है। इस साल यानी महज तीन महीने में भी इसने 10% से अधिक रिटर्न दिया है। यह रुझान आगे भी जारी रह सकता है। 2024 के आखिर तक सोने की कीमत 72,000 रुपए तक पहुंच सकती है। इसका मतलब है कि सोने में 2 हजार रुपए से अधिक की तेजी की और गुंजाइश है। ऐसे में गोल्ड ज्वेलरी खरीदने और सोने में निवेश का यह बेहतर मौका हो सकता है।
सोने की कीमतों में बीते 20 सालों से लगातार तेजी देखी जा रही है। कमोडिटी एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर महंगाई बढ़ी तो सोने के दाम और बढ़ेंगे। अमेरिका के चुनाव के नतीजों का असर भी सोने पर हो सकता है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, अभी सोने की कीमतों में और उछाल आ सकता है। हालात ऐसे हैं कि 2025 तक सोने की कीमतें बढ़ती रहेंगी। 2023 में सोना 8 हजार रुपए से ज्यादा महंगा हुआ है। 2023 की शुरुआत में सोना 54,867 रुपए प्रति ग्राम पर था जो 31 दिसंबर को 63,246 रुपए प्रति ग्राम पर पहुंच गया था। यानी साल 2023 में इसकी कीमत में 8,379 रुपए (16%) की तेजी आई।