अदाणी का 10,000 करोड़ रुपये के निवेश वाला गुजरात में तांबा प्लांट शुरू
मुंबई- अदाणी समूह के करीब 10,000 करोड़ रुपये के निवेश वाले तांबा प्लांट का पहला चरण गुजरात के मुंद्रा में शुरू हो गया है। यह दुनिया का सबसे बड़ा सिंगल लोकेशन कॉपर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट है। अदाणी एंटरप्राइजेज की सब्सिडियरी कच्छ कॉपर ने इसे स्थापित किया है। इससे सालाना 5 लाख टन रिफाइंड कॉपर का उत्पादन होगा। 2029 तक इसे बढ़ाकर 10 लाख किया जाएगा। इससे कुल 7,000 रोजगार पैदा होंगे।
अदाणी समूह की इस योजना से भारत चीन और अन्य देशों में शामिल हो गया है जो तेजी से तांबे का उत्पादन बढ़ा रहे हैं। चीन और पेरू दुनिया का 38 फीसदी तांबा उत्पादन करते हैं। यह जीवाश्म ईंधन से दूर जाने के लिए महत्वपूर्ण मेटल है। ऊर्जा परिवर्तन के लिए महत्वपूर्ण जैसे इलेक्ट्रिक वाहन, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, सौर फोटोवोल्टिक्स सहित अन्य प्रौद्योगिकी सेक्टर में तांबे का उपयोग होता है। पिछले वित्त वर्ष में देश में कुल 7,5 लाख टन तांबे की खपत हुई थी। ज्यादातर तांबा आयात होता है।
अदाणी समूह ने सीमेंट कंपनी अंबुजा में हिस्सेदारी बढ़ाकर 66.7 फीसदी कर ली है। इसके लिए 6,661 करोड़ रुपये का निवेश किया है। यह निवेश 314.15 रुपये प्रति शेयर पर किया गया है। अक्तूबर, 2022 में कंपनी ने 5,000 करोड़ का निवेश किया था।