एलआईसी के मार्केट कैप में पिछले हफ्ते 64,000 करोड़ रुपये की आई गिरावट
मुंबई- मार्केट कैपिटलाइजेशन के लिहाज से देश की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप पिछले हफ्ते ₹81,763 करोड़ गिरा है। अब कंपनी का मार्केट कैप ₹19.20 लाख करोड़ रह गया है। एक हफ्ते पहले यह ₹20.01 लाख करोड़ था।
देश की टॉप-10 कंपनियों में से 5 की वैल्यूएशन में इस दौरान ₹2,23,660 करोड़ की गिरावट आई। रिलायंस के अलावा लाइफ इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (LIC) और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) मार्केट के टॉप-3 गिरावट में रहे हैं। इनकी वैल्यू 63,629 करोड़ रुपए और 50,112 करोड़ रुपए घटी है।
वहीं, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) का मार्केट-कैप ₹38,858 करोड़ बढ़कर ₹15.26 लाख करोड़ हो गया है। इसके अलावा भारती एयरटेल ने अपने मार्केट कैप में 11,977 करोड़ रुपए जोड़ा है। अब कंपनी की वैल्यू 6.89 लाख करोड़ रुपए हो गई है।
हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन यानी 15 मार्च को शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 453 अंक की गिरावट के साथ 72,643 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी में भी 123 अंक की गिरावट रही, ये 22,023 के स्तर पर बंद हुआ।