शेयर बाजार में हाहाकार, सात दिनों में निवेशकों के डूबे 22 लाख करोड़ रुपये
मुंबई- शेयर बाजार में 13 मार्च को बड़ी गिरावट देखने को मिली है। सेंसेक्स 906 अंक की गिरावट के साथ 72,761 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी में भी 338 अंक की गिरावट रही। ये 21,997 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 23 में गिरावट रही। पिछले सात दिनों में बाजार की गिरावट से निवेशकों के डूबे 22 लाख करोड़ रुपये डूब गए हैं।
स्मॉलकैप और मिडकैप इंडेक्स में भी भारी गिरावट देखी गई है। स्मॉलकैप इंडेक्स 2,189 अंक (5.11%) गिरकर 40,641 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं मिडकैप इंडैक्स में 1,646 अंक (4.20%) की गिरावट रही। ये 37,591 के स्तर पर बंद हुआ। BSE पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप मंगलवार को 385 लाख करोड़ रुपए था, जो बुधवार को घटकर 372 लाख करोड़ रहा गया है। यानी मार्केट कैप में एक दिन में 13 लाख करोड़ की गिरावट आई है।
अडानी ग्रुप (Adani Group Shares) की सभी 10 कंपनियों के शेयर गिरे हैं। इससे मार्केट कैप 1.2 लाख करोड़ रुपये घटा है। शेयरों में गिरावट के बीच अडानी की नेटवर्थ को भी झटका लगा है। ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी की नेटवर्थ में 2.38 अरब डॉलर की गिरावट आई और वह 100 अरब डॉलर क्लब से बाहर हो गए। ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडेक्स के मुताबिक अडानी की नेटवर्थ अब 99.9 अरब डॉलर रह गई है। वैसे इस साल उनकी नेटवर्थ में 15.6 अरब डॉलर की तेजी आई है।
बीते 5 दिन में BSE स्मॉलकैप इंडेक्स 7% से ज्यादा गिर चुका है। मिड-कैप और स्मॉल-कैप सूचकांकों में दबाव मार्केट रेगुलेटर सेबी की चेयरपर्सन के बयान के बाद से देखा जा रहा है। सेबी चीफ ने छोटे और मझोले आकार की कंपनियों के शेयरों के ऊंचे वैल्यूएशन पर चिंता जताई थी।
उन्होंने कहा था- ‘कुछ लोग इसे बबल कह रहे हैं। ये सही नहीं होगा कि इस बबल को और बड़ा बनने दिया जाए। अगर ये बनता रहेगा और जब ये फूटेगा तो इसका असर निवेशकों पर होगा। ये सही चीज नहीं है। इन कंपनियों के वैल्यूएशन फंडामेंटल को सपोर्ट नहीं कर रहे हैं।’
JG केमिकल्स की बाजार में खराब लिस्टिंग हुई है। NSE पर ये 5.43% डिस्काउंट के साथ 209 रुपए प्रति शेयर पर लिस्ट हुआ है। BSE पर इसकी लिस्टिंग 4.52% नीचे 211 रुपए पर हुई। इसके बाद इसमें और गिरावट देखने को मिली और ये BSE पर 36.20 रुपए (16.38%) गिरकर 184.80 रुपए पर बंद हुआ। इसका इश्यू प्राइस 221 रुपए था।