वायकॉम 18 व स्टार इंडिया का होगा विलय, 70,532 करोड़ की बनेगी कंपनी
मुंबई- मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज और द वॉल्ट डिज्नी ने अपने मीडिया कारोबार का एक संयुक्त उपक्रम बनाने की घोषणा की है। इसके तहत रिलायंस की वायकॉम 18 और डिज्नी की स्टार इंडिया का विलय होगा। नई बनने वाली कंपनी का मूल्य 70,352 करोड़ रुपये होगा। इसमें रिलायंस का हिस्सा 63.16 फीसदी और डिज्नी का 36.84 फीसदी हिस्सा होगा।
रिलायंस इंडस्ट्रीज ओटीटी कारोबार को बढ़ाने के लिए नए उपक्रम में 11,500 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। मुकेश अंबानी की पत्नी नीता अंबानी नई कंपनी की चेयरपर्सन होंगी। उदयशंकर उपाध्यक्ष होंगे। विलय के लिए दोनों कंपनियों को नियामक, शेयरधारक और अन्य मंजूरी लेनी होगी। ऐसे में यह सौदा इस साल के दिसंबर तक या अगले साल मार्च तक पूरा हो सकता है।
संयुक्त उद्यम भारत में मनोरंजन और खेल सामग्री के लिए अग्रणी टीवी और डिजिटल स्ट्रीमिंग प्लेटफार्मों में से एक होगा, जो मनोरंजन और खेल में प्रतिष्ठित मीडिया एसेंट्स को एक साथ लाएगा। इसमें जियो सिनेमा और हाटस्टार के जरिये टीवी और डिजिटल प्लेटफार्मों के कार्यक्रम शामिल होंगे। संयुक्त उद्यम के भारत में 75 करोड़ से अधिक दर्शक होंगे। यह दुनिया भर में भारतीय प्रवासियों की जरूरतों को भी पूरा करेगा। संयुक्त उद्यम को भारत में डिज्नी की 30,000 से अधिक सामग्री के लाइसेंस के साथ फिल्मों और प्रोडक्शन को वितरित करने का विशेष अधिकार भी दिया जाएगा।
मुकेश अंबानी ने कहा, यह एक ऐतिहासिक समझौता है जो भारतीय मनोरंजन उद्योग में एक नए युग की शुरुआत करता है। इस रणनीतिक संयुक्त उद्यम के बनने से हम बहुत उत्साहित हैं। हमें देश भर के दर्शकों के लिए सस्ती कीमतों पर अद्वितीय सामग्री प्रदान करने में मदद करेगा।