गौतम अडाणी फिर 100 अरब डॉलर के क्लब में, 12वें सबसे अमीर कारोबारी
नई दिल्ली। अदाणी समूह के मालिक गौतम अदाणी फिर से 100 अरब डॉलर के क्लब में शामिल हो गए हैं। इसी के साथ वे दुनिया के अमीरों की सूची में 12वें स्थान पर हैं। रिलायंस के मालिक मुकेश अंबानी 11वें स्थान पर हैं।
ब्लूमबर्ग की अरबपतियों की सूची में अंबानी की संपत्ति इस साल 11.8 अरब डॉलर बढ़कर 108 अरब डॉलर हो गई है। अदाणी की संपत्ति 16.4 अरब डॉलर बढ़कर 101 अरब डॉलर हो गई है।
पिछले साल हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद अदाणी की संपत्ति में भारी गिरावट आई थी। इससे वे दुनिया के अमीरों की सूची में 30वें स्थान पर फिसल गए थे। हालांकि, हाल के समय में तमाम उपायों से समूह की कंपनियों के शेयरों में भारी तेजी से अदाणी की संपत्ति में तेजी आई। समूह की कुल पूंजी इस समय 15 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है। पिछले साल जनवरी में यह 20 लाख करोड़ रुपये थी।
205 बिलियन डॉलर यानी 17.01 लाख करोड़ रुपए की नेटवर्थ के साथ एलन मस्क दुनिया के सबसे अमीर आदमी हैं। मस्क के बाद 196 बिलियन डॉलर (16.01 लाख करोड़) की नेटवर्थ के साथ जेफ बेजोस दूसरे और 186 बिलियन डॉलर (15.43 लाख करोड़) की वेल्थ के साथ बर्नार्ड अरनॉल्ट तीसरे नंबर पर मौजूद हैं। 24 जनवरी 2023 को हिंडनबर्ग रिसर्च ने अडाणी ग्रुप पर मनी लॉन्ड्रिंग से लेकर स्टॉक मैनिपुलेशन जैसे आरोप लगाए थे। इसके बाद अडाणी ग्रुप के शेयरों में भारी गिरावट देखने को मिली थी।
अमेरिकी शॉर्ट सेलर कंपनी हिंडनबर्ग की रिपोर्ट आने के बाद एक महीने में अडाणी की नेटवर्थ में 80 बिलियन डॉलर (6.63 लाख करोड़ रुपए) से ज्यादा की गिरावट आई थी और यह 37.7 बिलियन डॉलर (3.12 लाख करोड़ रुपए) के निचले स्तर पर पहुंच गई थी।