सोना-चांदी होंगे और महंगे, सरकार ने आयात ड्यूटी बढ़ाकर 15 पर्सेंट किया
मुंबई- आने वाले दिनों में सोना-चांदी खरीदना महंगाई हो सकता है। इसका कारण है सोने और चांदी के सिक्कों और फाइंडिंग पर इम्पोर्ट ड्यूटी बढ़ना। इसे सरकार ने 11% से बढ़ाकर 15% कर दिया गया है। नई दरें 22 जनवरी से प्रभावी होंगी।
फाइंडिंग्स को ज्वेलरी के एक टुकड़े की नींव के रूप में मान सकते हैं। वे धातु के छोटे टुकड़े होते हैं जो अलग-अलग साइज में बने होते हैं। इनमें पिन, हुप्स, तार और मोती शामिल हैं। HDFC सिक्योरिटीज के कमोडिटी और करेंसी हेड अनुज गुप्ता के अनुसार इम्पोर्ट ड्यूटी बढ़ने से सोने की कीमतों में तेजी देखने को मिल सकती है, लेकिन ज्यादा दाम नहीं बढ़ेंगे।
सोने के दामों में कल मामूली तेजी देखने को मिली है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 10 ग्राम सोना 86 रुपए महंगा होकर 62,476 रुपए पर पहुंच गया है। वहीं चांदी 728 रुपए सस्ती होकर 70,500 रुपए प्रति किलो ग्राम पर आ गई है। इससे पहले ये 71,228 रुपए पर थी। बीते महीने 4 दिसंबर को चांदी 77 हजार के पार पहुंच गई थी।
बीते साल यानी 2023 में भारत में सोने का आयात 3% बढ़कर 734.2 टन तक पहुंच गया। वहीं कीमत के लिहाज से सोने का आयात 16.4% बढ़कर 3.53 लाख करोड़ रुपए हो गया। हमारे देश में हर साल 700 से 800 टन सोने की खपत (डिमांड) होती है। इसमें से सिर्फ 1 टन का उत्पादन भारत में होता है और बाकी आयात किया जाता है।