कमाई का नया धंधा, इंडिगो अब सीट के लिए लेगी 2000 रुपये तक की फीस
मुंबई- इंडिगो एयरलाइन ने सीट सिलेक्शन फीस तय कर दी है। 222 सीटों वाले A321 विमान में फ्रंट में विंडो या आइल सीट चुनने पर ₹2,000 अतिरिक्त लगेंगे। उसी लाइन की मिडिल सीट के लिए यात्री को 1,500 रुपए अतिरिक्त खर्च करने पड़ेंगे।
दूसरी और तीसरी लाइन की सभी सीटें ₹400 की समान दर पर मिलेंगी। 232 सीटों वाले A321 विमान और 180 सीटों वाले A320 विमान के लिए चार्ज एक समान हैं। 4 जनवरी को इंडिगो ने फ्यूल सरचार्ज हटाने की घोषणा की थी जिसके बाद एयरलाइन ने सीट सिलेक्शन फीस में यह बड़ा बदलाव किया है।
अक्टूबर 2023 की शुरुआत से एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की लगातार बढ़ रही कीमतों के कारण इंडिगो ने फ्यूल चार्ज वसूलना शुरू किया था। इसके लिए फ्यूल चार्ज के तौर पर 300 रुपए से लेकर 1000 रुपए तक वसूले जा रहे थे।
इंडिगो ने कहा- हम अपने यात्रियों को पसंदीदा सीटों के लिए रिजर्वेशन ऑप्शन देते हैं। आप विंडो सीट, आइल सीट या अतिरिक्त लेगरूम वाली सीट चुन सकते हैं। यदि आप पसंदीदा सीट नहीं खरीदना चाहते हैं तो आप उपलब्ध फ्री सीट का चयन कर सकते हैं या एयरपोर्ट पर चेक-इन के समय असाइन की गई सीट मिल जाएगी।’
मान लीजिए दिल्ली से मुंबई जाने के लिए फ्लाइट टिकट का प्राइस 5000 रुपए है। अगर आप फ्रंट में विंडो या आइल सीट पर सफर करना चाहते हैं तो इसके लिए 2000 रुपए एक्स्ट्रा यानी, कुल 7,000 रुपए देने होंगे। उसी लाइन की मिडिल सीट पर सफर करना है तो 1,500 रुपए एक्स्ट्रा खर्च करने पड़ेंगे। यानी, कुल 6500 रुपए लगेंगे। फ्री सीट चुनने या एयरपोर्ट पर चेक-इन के समय असाइन की गई सीट के लिए कोई एक्स्ट्रा चार्ज नहीं लगेगा।
इंडिगो के पास 320 से ज्यादा विमानों का बेड़ा है। इंडिगो रोजाना 1900 से ज्यादा फ्लाइट ऑपरेट करती है। यह एयरलाइन भारत में 81 शहरों और विदेशों में 32 शहरों में फ्लाइट चलाती है। यह भारत की सबसे ज्यादा यात्री ढाने वाली कंपनी है।