भारत 2024-25 में भी सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बना रहेगा
मुंबई- रेटिंग एजेंसी फिच ने कहा है कि भारत 2024-25 में दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था वाला देश बना रहेगा। उस समय इसकी विकास दर 6.5 फीसदी रह सकती है। चालू वित्त वर्ष में वृद्धि दर 6.9 फीसदी रहने का अनुमान है।
एजेंसी ने शुक्रवार को कहा कि सीमेंट, इलेक्ट्रिसिटी और पेट्रोलियम उत्पादों की मांग लगातार मजबूत बनी रहेगी। यह कोरोना के पहले के स्तर से भी ज्यादा रह सकती है। देश में बढ़े रहे इन्फ्रास्ट्रक्चर खर्च के कारण स्टील की मांग में तेजी रहेगी। 2023 में मजबूत वृद्धि के बाद नरमी की हमारी उम्मीद के बावजूद कारों की बिक्री में वृद्धि जारी रहेगी।
अमेरिका, चीन, जर्मनी और जापान के बाद भारत इस समय पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। इसी महीने में गोल्डमैन ने 2024 में भारत की जीडीपी 6.2 फीसदी की दर से और एसएंडपी ने 6 से 7.1 फीसदी की दर से बढ़ने का अनुमान लगाया था।