बायजू के 1,000 कर्मचारियों की नवंबर महीने की अटकी सैलरी, लोग परेशान
मुंबई- शिक्षा क्षेत्र की चर्चित स्टार्टअप कंपनी बायजु एक के बाद एक नए संकटों में फंसती जा रही है। लगातार कई महीनों से विवादों का सामना कर रही कंपनी अब अपने कई कर्मचारियों को सैलरी देने में देरी के कारण चर्चा में है। ऐसी खबरें हैं कि बायजु के करीब एक हजार कर्मचारियों को नवंबर महीने की सैलरी में देरी हुई है और अब तक नहीं मिल पाई है।
बायजु अपने करीब 1 हजार कर्मचारियों को नवंबर महीने की सैलरी नहीं दे पाई है। हालांकि इस बारे में बायजु का कहना है कि सैलरी में देरी की वजह अचानक आई एक तकनीकी गड़बड़ी है। कंपनी का कहना है कि वह दिक्कत को दूर करने में लगी हुई है। बायजू को उम्मीद है कि वह सोमवार 4 दिसंबर तक प्रभावित कर्मचारियों की नवंबर महीने की सैलरी उनके अकाउंट में क्रेडिट कर देगी।
खबरों के अनुसार, जिन कर्मचारियों की सैलरी प्रभावित हुई है, वे पैरेंट कंपनी थिंक एंड लर्न के हैं। लगभग सभी यूनिट के कर्मचारियों की सैलरी इस बार अटकी है. सब्सिडियरी आकाश इंस्टीट्यूट के कर्मचारियों के लिए स्थिति सामान्य है और उनकी सैलरी में कोई देरी नहीं हुई है।
बायजु के साथ यह समस्या ऐसे समय आई है, जब कंपनी पहले से कई विवादों का सामना कर रही है। कुछ ही दिन पहले कंपनी के द्वारा फेमा के प्रावधानों का उल्लंघन किए जाने की खबरें आई थीं. ईडी ने कहा था कि कंपनी ने करीब 8000 करोड़ रुपये के विदेशी निवेश को लेकर डॉक्यूमेंट देने में देरी की है। कंपनी इसके बदले में शेयर भी अलॉट नहीं कर पाई है। इसे लेकर ईडी ने कंपनी को नोटिस भेजा है।